Page Loader
फ्रेंच ओपन 2021: आसान जीत के साथ क्वार्टरफाइनल में पहुंचे राफेल नडाल

फ्रेंच ओपन 2021: आसान जीत के साथ क्वार्टरफाइनल में पहुंचे राफेल नडाल

Jun 08, 2021
10:33 am

क्या है खबर?

स्पेन के टेनिस स्टार राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन 2021 के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 13 बार के रोलां गैरां चैंपियन नडाल ने दो घंटे से अधिक समय तक चले मुकाबले में इटली के जानिक सिनर को 7-5, 6-3, 6-0 से हरा दिया। नडाल का अब सिनर के खिलाफ एटीपी हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 3-0 हो गया है। नडाल अब क्वार्टरफाइनल में अर्जेंटीना के डिएगो श्वाट्र्जमैन से भिड़ेंगे।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा चौथे दौर का मुकाबला

पहले सेट में युवा खिलाड़ी सिनर ने शानदार खेल दिखाया और एक समय 5-3 से बढ़त बना ली। हालांकि, नडाल ने दो बार सर्विस तोड़कर सेट 7-5 से जीत लिया। इसके बाद दूसरे सेट में नडाल हावी रहे और उन्होंने सिनर को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। वहीं तीसरे सेट में नडाल ने अपना दबदबा बरकरार रखा और 6-0 से सेट जीतकर मैच अपने नाम किया।

आंकड़े

फ्रेंच ओपन में नडाल के कुछ दिलचस्प आंकड़े

नडाल ने रोलां गैरां में अपने पिछले 35 सेट जीते हैं। उनका जीत का यह सिलसिला 2019 से चलता हुआ आ रहा है। विशेष रूप से, ब्योर्न बोर्ग के नाम ओपन एरा में ग्रैंड स्लैम इवेंट में जीते गए लगातार सेटों का रिकॉर्ड है। उन्होंने 1979 से 1981 के बीच लगातार 41 सेट जीते थे। बता दें इससे पहले नडाल ने 2016 और 2018 के बीच रोलां गैरां में लगातार 38 सेट जीते थे।

क्या आप जानते हैं?

13 बार फ्रेंच ओपन जीत चुके हैं नडाल

नडाल ने अब तक 13 बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता है। उन्होंने 2005-2008, 2010-2014 और 2017-2020 के बीच में यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है।

क्वार्टरफाइनल

रोलां गैरां में 15वीं बार क्वार्टरफाइनल में पहुंचे हैं नडाल

नडाल अब जोकोविच (पुरुष एकल) के साथ संयुक्त रूप से रोलां गैरां में 15 क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। फ्रेंच ओपन में यह उनकी 104वीं मैच जीत थी। नडाल का अब सिनर के खिलाफ एटीपी हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 3-0 हो गया है। नडाल का अगला मुकाबला 10वीं वरीयता प्राप्त डिएगो श्वार्ट्जमैन से होगा, जिन्होंने जान लेनार्ड स्ट्रफ को 7-6 (11-9), 6-4, 7-5 से शिकस्त दी।