दुनिया की सबसे ज्यादा डाउनलोड होने वाली ऐप्स में शामिल हुई आरोग्य सेतु, नेटफ्लिक्स को पछाड़ा
क्या है खबर?
भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) ट्रैकिंग ऐप आरोग्य सेतु को नौ करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।
अब यह दुनिया की सर्वाधिक डाउनलोड होने वालीं 10 ऐप्स में शामिल हो गई है।
सेंसर टॉवर की अप्रैल की रिपोर्ट के मुताबिक, नीति आयोग की यह ऐप पिछले महीने की दुनियाभर में सबसे ज्यादा डाउनलोड होने वाली ऐप्स में 7वें नंबर पर रही।
इसने नेटफ्लिक्स, गूगल मीट और माइक्रोसॉफ्ट टीम जैसी ऐप्स को पछाड़कर यह स्थान हासिल किया है।
आरोग्य सेतु
गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड होने में पांचवे नंबर पर आरोग्य सेतु
पिछले महीने सबसे ज्यादा डाउनलोड होने वाली ऐप्स में जूम, टिकटॉक, फेसबुक, व्हाट्सऐप और मैसेंजर आरोग्य सेतु से आगे रही। यह ओवरऑल डाउनलोड की लिस्ट है।
अगर एंड्रॉयड डिवाइस पर डाउनलोड की संख्या देखें तो आरोग्य सेतु पांचवे नंबर पर रही।
गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड के मामले में इसने फेसबुक मैसेंजर और इंस्टाग्राम ऐप्स को पीछे छोड़ दिया है।
हालांकि, यह ऐप स्टोर से डाउनलोड होने वाली टॉप-10 ऐप्स में शामिल नहीं हो सकी।
आरोग्य सेतु
सभी कर्मचारियों के लिए अनिवार्य की गई आरोग्य सेतु
आने वाले दिनों में आरोग्य सेतु ऐप के डाउनलोड की संख्या में और तेजी से इजाफा हो सकता है।
केंद्र सरकार द्वारा सभी सरकारी और प्राइवेट कर्मचारियों के लिए अनिवार्य किए जाने के बाद कई और राज्य सरकारें ऐसा ही कदम उठा सकती है।
नोएडा पुलिस ने जिले के निवासियों के लिए स्मार्टफोन में आरोग्य सेतु ऐप रखना अनिवार्य कर दिया है। नोएडा के किसी निवासी के स्मार्टफोन में यह ऐप न मिलने पर उसे सजा भी हो सकती है।
आऱोग्य सेतु
जियो फोन के लिए भी आएगा आरोग्य सेतु का नया वर्जन
इसके अलावा सरकार आरोग्य सेतु के एक अलग वर्जन पर काम कर रही है, जिसके बाद यह जियो फीचर फोन पर भी काम करेगी।
देश में लगभग 11 करोड़ लोग जियो फोन का इस्तेमाल करते हैं। इन फोन के लिए उपलब्ध होने के बाद ऐप के यूजर्स की संख्या में भारी उछाल आएगा।
बताया जा रहा है कि फीचर फोन के लिए यह ऐप IVRS (इंटरेक्टिव वॉइस रिस्पॉन्स सिस्टम) के जरिये उपलब्ध होगी।
अनिवार्यता
नए स्मार्टफोन में जरूरी होगी आरोग्य सेतु में रजिस्ट्रेशन करना
साथ ही सरकार नए स्मार्टफोन के लिए भी यह ऐप अनिवार्य करने पर विचार कर रही है।
ऐसा होने के बाद किसी भी नए स्मार्टफोन को सेटअप कर इस्तेमाल करने से पहले यूजर को आरोग्य सेतु ऐप में रजिस्टर करना जरूरी हो जाएगी।
कहा जा रहा है लॉकडाउन हटने के बाद बेचे जाने वाले सभी स्मार्टफोन में ऐसा करना अनिवार्य होगा।
यानी स्मार्टफोन में पहले ही यह ऐप इंस्टॉल्ड होगी और इसकी रजिस्ट्रेशन प्रोसेस स्किप नहीं होगी।
आरोग्य सेतु
क्या है आरोग्य सेतु ऐप और कैसे करें इस्तेमाल?
आरोग्य सेतु को इस प्रकार से डिजाइन किया गया है कि यह यूजर को बता देती है कि वह किसी कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया है नहीं।
इसकी ट्रेकिंग ब्लूटूथ और लोकेशन जनरेटेड ग्राफ के जरिये की जाती है। इसके जरिये ही यह आपके संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने या न आने की जानकारी देती है।
ऐप और इसके इस्तेमाल के तरीके के बारे में विस्तार से जानने के लिए आप यहां टैप कर सकते हैं।