Page Loader
जियो ने ग्रुप कॉलिंग के लिए लॉन्च की नई ऐप, जानिये क्या है खास

जियो ने ग्रुप कॉलिंग के लिए लॉन्च की नई ऐप, जानिये क्या है खास

Feb 22, 2019
04:22 pm

क्या है खबर?

रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों के लिए नई ऐप लॉन्च की है। ग्रुप कॉलिंग की सुविधा देने वाली इस ऐप का नाम जियो ग्रुप टॉक (JioGroup Talk) है। गूगल प्लेस्टोर पर कंपनी ने इसे 'वन टच मल्टीपार्टी कॉलिंग' ऐप बताया है। सिर्फ जियो यूजर्स ही इस ऐप का इस्तेमाल कर पाएंगे। व्हाट्सऐप और फेसबुक मैसेंजर की तरह इस ऐप से भी एक साथ कई लोगों को वॉइस कॉल की जा सकती है। आइये, जानते हैं इस ऐप के बारे में।

फीचर्स

ऐप में मिलेंगे ये खास फीचर्स

जियो ग्रुप टॉक में एक साथ 10 लोगों को कॉल की जा सकती है। खास बात यह है कि इसमें एक साथ 10 लोगों को कॉल में जोड़ा जा सकता है। एक-एक कर लोगों को जोड़ने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा कॉल मेें शामिल करने के लिए लोगों को एक क्लिक में इन्विटेशन भेजा जा सकता है। इसमें लेक्चर मोड भी मिलेगा, जिसके तहत केवल एक यूजर बोल पाएगा और बाकी यूजर को म्यूट किया जा सकेगा।

तरीका

ऐसे इस्तेमाल करें ऐप

अगर आप जियो ग्रुप टॉक इस्तेमाल करना चाहते हैं तो इसे प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। डाउनलोड करने के बाद इसमें अपना जियो नंबर डालना होगा। इसके बाद यूजर को OTP मिलेगा। OTP डालकर इसमें लॉग-इन किया जा सकता है। लॉग-इन करने के बाद इसमें रिसेंट, ग्रुप्स और कॉन्टैक्ट्स नाम की तीन विंडो आएगी। रिसेंट में हाल ही में की गई कॉल, ग्रुप्स में आपके द्वारा बनाए गए ग्रुप और कॉन्टैक्ट्स में फोन में सेव कॉन्टैक्ट दिखेंगे।

फोन

ऐप इस्तेमाल करने के लिए ऐसा फोन जरूरी

इस ऐप का इस्तेमाल करने के लिए यूजर के पास जियो नंबर का होना जरूरी है। ऐप के लिए यूजर का फोन VoLTE इनेबल्ड होना जरूरी है। इसके अलावा उस नंबर पर कॉल और SMS की सुविधा होनी चाहिए। ऐप से जियो और दूसरी कंपनियों के नंबर पर वॉइस कॉल की जा सकती है। यहां तक की इस ऐप से लैंडलाइन नंबर पर भी कॉल की जा सकती है। हालांकि, इसमें ग्रुप चैट करने का ऑप्शन नहीं दिया गया है।

जानकारी

जल्द मिलेगा वीडियो कॉलिंग का ऑप्शन

फिलहाल वॉइस कॉल फीचर वाली इस ऐप की टेस्टिंग चल रही है। कंपनी जल्द ही इसमें वीडियो कॉल की सुविधा देने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा इसमें कॉन्फ्रेंस कॉल को शेड्यूल करने का फीचर भी जल्द दिया जाएगा।