LOADING...
महाकुंभ में शामिल होने के लिए प्रयागराज जा रहे हैं तो इन गतिविधियों का लें आनंद 
प्रयागराज आ कर करें ये 5 गतिविधियां

महाकुंभ में शामिल होने के लिए प्रयागराज जा रहे हैं तो इन गतिविधियों का लें आनंद 

लेखन सयाली
Jan 10, 2025
01:42 pm

क्या है खबर?

प्रयागराज उत्तर प्रदेश का एक ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाला शहर है। यह गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम पर स्थित है, जो इसे प्रमुख तीर्थ स्थल बनाता है। महाकुंभ यहां का सबसे प्रमुख आकर्षण है, जो 13 जनवरी से शुरू होने वाला है। इसके अलावा, प्रयागराज अपने प्राचीन मंदिरों और सांस्कृतिक धरोहरों के लिए भी मशहूर है। यहां की यात्रा पर आ कर आपको इन 5 गतिविधियों का आनंद जरूर लेना चाहिए।

#1

त्रिवेणी संगम पर स्नान करें

प्रयागराज की यात्रा त्रिवेणी संगम पर स्नान किए बिना अधूरी मानी जाती है। यह वह स्थान है, जहां गंगा, यमुना और सरस्वती नदियां मिलती हैं। हिंदू धर्म में इस स्थान को अत्यंत पवित्र माना जाता है और कहा जाता है कि यहां स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है। संगम पर नाव की सवारी करते हुए आप इस अद्वितीय अनुभव का आनंद ले सकते हैं। यहां सूर्योदय के समय स्नान करना विशेष रूप से शुभ माना जाता है।

#2

आनंद भवन संग्रहालय देखें

आनंद भवन संग्रहालय भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा था। यह नेहरू परिवार का निवास स्थान था और अब इसे संग्रहालय में परिवर्तित कर दिया गया है। यहां आप स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी कई दुर्लभ वस्तुएं देख सकते हैं, जैसे कि जवाहरलाल नेहरू द्वारा उपयोग किए गए सामान व दस्तावेज आदि। इसके अलावा, यहां पर मौजूद इंदिरा गांधी द्वारा उपयोग किए गए कमरे भी देखने लायक हैं।

#3

चंद्रशेखर आजाद पार्क की सैर करें

चंद्रशेखर आजाद पार्क प्रयागराज का सबसे बड़ा सार्वजनिक उद्यान है। यह पार्क भारतीय स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की वीरगाथा से जुड़ा हुआ स्थान है, क्योंकि उन्होंने यहीं अंग्रेज पुलिस से लड़ते हुए अपने प्राण त्याग दिए थे। यहां आ कर हरे-भरे पेड़-पौधों के बीच टहलने का आनंद लिया जा सकता है। पिकनिक मनाने या परिवार संग समय बिताने के लिए यह आदर्श स्थान है, जहां आप प्रकृति की गोद में सुकून पा सकते हैं।

#4

खुसरो बाग में घूमने जाएं

खुसरो बाग मुगल वास्तुकला का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करता है। इस बाग में जहांगीर के पुत्र खुसरो मिर्जा, उनकी मां शाह बेगम और उनकी बहन निसार बेगम के मकबरे मौजूद हैं। यह बाग अपनी सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है। आप यहां पर लगे सुंदर फूलों और हरी घास के बीच बैठकर आराम कर सकते हैं। पर्यटक यहां आकर मुगल काल की वास्तुकला और इतिहास को करीब से देख सकते हैं।

#5

इलाहाबाद किले का दौरा करें

इलाहाबाद किला अकबर द्वारा बनवाया गया था। यह किला गंगा नदी के किनारे स्थित है और पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। इस किले में बने अशोक स्तंभ, सरस्वती कुंड और जादुई दरवाजा जैसे आकर्षण देखने लायक होते हैं। हालांकि, इसका कुछ हिस्सा सेना नियंत्रणाधीन होने के कारण आम जनता के लिए बंद रहता है। फिर भी बाकी हिस्सो में घूमकर आप इसका इतिहास जान सकते हैं और अपनी यात्रा को यादगार भी बना सकते हैं।