Page Loader
सिक्किम में सैन्य शिविर भूस्खलन की चपेट में आया; 3 जवानों की मौत, 6 लापता
सिक्किम में भूस्खलन के कारण सैन्य शिविर बहा (तस्वीर: एक्स/@trishakticorps)

सिक्किम में सैन्य शिविर भूस्खलन की चपेट में आया; 3 जवानों की मौत, 6 लापता

लेखन गजेंद्र
Jun 02, 2025
01:57 pm

क्या है खबर?

पूर्वोत्तर समेत सिक्किम में जारी भारी वर्षा के बीच रविवार शाम को उत्तरी इलाके के चाटेन में एक सैन्य शिविर भूस्खलन की चपेट में आकर बह गया, जिसमें 3 जवानों की मौत हो गई। रक्षा अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन कल शाम करीब 7 बजे हुआ, जिसमें 6 सुरक्षाकर्मी लापता हो गए हैं। अभी तक 3 शव बरामद किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि कठिन मौसम और भू-भाग की परिस्थितियों में बचाव अभियान जारी है।

बारिश

पूर्वोत्तर में बारिश से हाहाकार मचा

त्रिशक्तिकॉर्प्स ने एक्स पर एक बयान में बताया, "उत्तरी सिक्किम के चाटेन में भारी बारिश के कारण सैन्य शिविर में शाम 7 बजे भूस्खलन हुआ है। मामूली रूप से घायल चार कर्मियों को बचा लिया गया है। हवलदार लखविंदर सिंह, लांस नायक मुनीश ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखड़ा के पार्थिव शरीर बरामद किए गए हैं। लापता छह लोगों के लिए बचाव अभियान जारी है।" सिक्किम में 1,500 से अधिक पर्यटक भी फंसे थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है।

आपदा

लाचुंग से निकाले गए पर्यटक

सिक्किम के कई इलाकों में भारी बारिश से भूस्खलन देखने को मिल रहा है। बारिश के कारण उत्तरी सिक्किम के लाचुंग में 1,678 पर्यटक फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस, सेना, सीमा सड़क सगंठन (BRO), इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), वन विभाग, लाचुंग जुम्सा, ड्राइवर एसोसिएशन समेत अन्य पर्यटन हितधारकों के प्रयास से सोमवार सुबह लाचुंग से पर्यटकों को निकालने का काम शुरू हुआ था। पर्यटकों में 737 पुरुष, 561 महिलाएं और 380 बच्चे थे।

ट्विटर पोस्ट

सिक्किम में बाढ़ और भूस्खलन का दृश्य