Page Loader
पापुआ न्यू गिनी में जबरदस्त भूस्खलन से मलबे में दबा पूरा गांव, 100 से अधिक मौत
पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन से 100 लोगों की मौत (तस्वीर: एक्स/@RawsGlobal)

पापुआ न्यू गिनी में जबरदस्त भूस्खलन से मलबे में दबा पूरा गांव, 100 से अधिक मौत

लेखन गजेंद्र
May 24, 2024
10:56 am

क्या है खबर?

दक्षिण प्रशांत द्वीप पर बसे देश पापुआ न्यू गिनी में शुक्रवार तड़के जबरदस्त भूस्खलन हुआ, जिसमें दबकर 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई। घटना राजधानी पोर्ट मोरेस्बी से करीब 600 किलोमीटर दूर एंगा प्रांत के काओकालम गांव में हुआ है। यह गांव पहाड़ों की तलहटी पर बसा है। ABC के मुताबिक, भूस्खलन के मलबे में पूरा गांव दब गया। मलबे से निकालकर कई लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। कई लोग अभी भी मलबे में दबे हैं।

हादसा

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया

रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने मलबे में दबे मृतकों की संख्या की जानकारी नहीं दी है, लेकिन संभावित संख्या 100 से अधिक बताई जा रही है। भूस्खलन से बचे गांव के लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में भूस्खलन से तबाह हो चुका गांव दिख रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लोगों के शव ढूंढना मुश्किल हो रहा है।

जांच

कैसे हुआ हादसा?

रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ, जब लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे। तभी पहाड़ का एक हिस्सा लगातार हो रही बारिश से ढह गया। पहाड़ के साथ बहकर आए मलबे ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों को बचकर भागने का मौका तक नहीं मिल पाया। भूस्खलन के दौरान मलबे के साथ बड़े पत्थर और पेड़ भी बहकर नीचे पहुंच गए थे। गांव तक पहुंचने वाला मार्ग भी बाधित हुआ है।