Page Loader
इस बार सर्दी में होगा गर्मी का अहसास, मौसम विभाग ने कम शीतलहर का अनुमान जताया
इस बार सर्दी में कम शीतलहर चलने का अनुमान

इस बार सर्दी में होगा गर्मी का अहसास, मौसम विभाग ने कम शीतलहर का अनुमान जताया

लेखन गजेंद्र
Dec 04, 2024
05:23 pm

क्या है खबर?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस बार की सर्दी को लेकर निराशा जताई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार सर्दियां कुछ गर्म होंगी और दिसंबर से फरवरी तक तापमान्य सामान्य से अधिक रहेगा। मौसम विशेषज्ञ यह अनुमान नवंबर के तापमान को देखकर लगा रहे हैं, जो भारत के लिए 1901 के बाद दूसरा और उत्तर-पश्चिम भारत के लिए 123 सालों में सबसे गर्म नवंबर रहा है। अक्टूबर में भी तापमान का यही हाल था।

मौसम

शीतलहर कम चलने की उम्मीद

IMD ने संभावना जताई है कि सर्दियों के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा। इसके शून्य तक पहुंचने की संभावना नहीं है। साथ ही शीत लहर वाले दिनों की संख्या भी सामान्य से कम रहने की उम्मीद है, सामान्यतः 5 या 6 दिनों के बजाय केवल 2 से 4 दिन ही शीतलहर चल सकती है। हालांकि, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है।

तापमान

तापमान गर्म रहने का क्या है कारण?

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि दिसंबर से फरवरी तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और उत्तर-पूर्व भागों के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम शीतलहर चलने की संभावना है। बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति के कारण सर्दियों में ज्यादा तापमान न गिरने की बात सामने आ रही है। हालांकि, यह आगे बदल भी सकता है। वहीं जम्मू-कश्मीर में इस साल ला नीना की वजह से अधिक बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

जानकारी

अभी तक कम नहीं हुआ तापमान

दिसंबर आने के बाद भी तापमान में गिरावट नहीं दिख रही है। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक था, वहीं न्यूनतम तापमान 12 डिग्री था, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक था।