Page Loader
जम्मू-कश्मीर: दिल्ली और मुंबई से भी गर्म हुआ श्रीनगर, 35 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा
जम्मू-कश्मीर का श्रीनगर दिल्ली और मुंबई से भी गर्म (तस्वीर: अनस्प्लैश)

जम्मू-कश्मीर: दिल्ली और मुंबई से भी गर्म हुआ श्रीनगर, 35 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा

लेखन गजेंद्र
Jul 05, 2024
09:41 am

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर का नाम लेते ही ठंडी वादियों की याद आती है, लेकिन इस बार यहां का मौसम भी चौंका रहा है। श्रीनगर मैदानी इलाकों से भी गर्म है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को श्रीनगर का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। श्रीनगर का तापमान 25 साल में दूसरी बार 35 डिग्री से अधिक गया है। इससे पहले जुलाई 1999 में अधिकतम तापमान 37 डिग्री था।

मौसम

दिल्ली और मुंबई से अधिक है तापमान

गुरुवार को जब श्रीनगर का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस था, तब सबसे अधिक गर्म रहने वाली देश की राजधानी दिल्ली का पारा 31.7 डिग्री सेल्सियस पर टिका हुआ था। यही नहीं, दिल्ली के साथ कोलकाता, मुंबई और बेंगलुरु का तापमान भी श्रीनगर के मुकाबले कम रहा। यहां क्रमशः 31 डिग्री, 32 डिग्री और 28 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। श्रीनगर के अलावा घाटी के काजीगुंड में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और कुपवाड़ा में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

गर्मी

घाटी के स्कूलों में 10 दिन की छुट्टी

पिछले कुछ सप्ताह से जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में तापमान में वृद्धि देखी गई है, जिससे पानी की कमी भी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को लू से बचने की सलाह दी है। घाटी के स्कूल भी गर्मी को देखते हुए 8 जुलाई से 10 दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं। इस बीच लोग घर में रहना पसंद कर रहे हैं। IMD के मुताबिक, अगले 2 दिन जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में हल्की बारिश होगी।