सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ विशेष वैक्सीनेशन अभियान चलाएगी सरकार, 8 करोड़ लड़कियों को लगेगी वैक्सीन
क्या है खबर?
महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने वैक्सीनेशन अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत पूरे देश में 9 से 14 साल की लड़कियों को सर्वाइकल कैंस की वैक्सीन लगाई जाएंगी।
ये वैक्सीनेशन अभियान 3 साल तक अलग-अलग चरणों में पूरा होगा और इसकी शुरुआत इसी साल हो सकती है। इंडियन एक्सप्रेस ने ये जानकारी दी है।
बता दें कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है।
टीके
पहले चरण में लगेंगी वैक्सीन की 7 करोड़ खुराकें
सरकार का लक्ष्य है कि पहले चरण में लगभग 7 करोड़ खुराकें लगाई जाएं। फिलहाल अस्पतालों में ह्यूमन पेपिलोमावायरस (HPV) वैक्सीन के हर खुराक की कीमत करीब 2,000 रुपये है। सरकार अब इसे मुफ्त में लगाएगी।
अखबार से बात करते हुए एक अधिकारी ने कहा, "9 से 14 साल के बीच की एक-तिहाई लड़कियों को 3 साल तक हर साल वैक्सीन लगाई जाएगी। इस दौरान 9 साल की होने वाली नई लड़कियों को भी वैक्सीन लगाई जाएगी।"
साल
पहले साल 2.6 करोड़ लड़कियों को लगेगा वैक्सीन
अधिकारी ने बताया कि देशभर में 9 से 14 साल की उम्र की लगभग 8 करोड़ लड़कियां सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन के लिए पात्र होंगी।
पहले साल के दौरान कम से कम 2.6 करोड़ लड़कियों को वैक्सीन लगेगी। अगले साल 9 साल की 50 लाख से एक करोड़ लड़कियां बढ़ जाएंगी, इन्हें दूसरे और तीसरे साल में वैक्सीन लगाई जाएगी।
ये वैक्सीनेशन अभियान स्कूलों और मौजूदा वैक्सीनेशन केंद्रों के माध्यम से चलाया जाएगा।
प्लस
क्या होता है सर्वाइकल कैंसर?
सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से से जुड़ा होता है। यह बीमारी आमतौर पर 30 साल की उम्र के बाद महिलाओं में होती है।
हालांकि, अगर प्रौढ़ अवस्था में ही HPV वैक्सीन लगवा ली जाए तो इसके होने की संभावना कम हो सकती है।
इसके जोखिम को कम करने और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर साल जनवरी में सर्वाइकल कैंसर जागरुकता माह मनाया जाता है। इस साल इसकी थीम 'सीखो, बचो और जांच करवाओ' है।
मौत
भारत में सर्वाइकल कैंसर से हर साल 75,000 मौतें
दुनियाभर में मिलने वाले सर्वाइकल कैंसर के नए मामलों के लगभग 5 प्रतिशत भारत में मिलते हैं। देश में हर साल इसके लगभग 1.25 लाख नए मामले आते हैं और लगभग 75,000 मौतें होती हैं।
भारतीय महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। कैंसर से पीड़ित कुल महिलाओं में से 10 प्रतिशत को सर्वाइकल कैंसर होता है।
फिलहाल सर्वाइकल कैंसर के लिए सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) द्वारा बनाई गई एक वैक्सीन उपलब्ध है।