आलिया और कृति सैनन को मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, जानिए कौन-कौन बना विजेता
क्या है खबर?
मनोरंजन जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में शुमार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के विजेताओं को आज दिल्ली में सम्मानित किया गया है।
24 अगस्त को 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का ऐलान किया गया था और आज यानी 17 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए हैं।
ये पुरस्कार भारतीय सिनेमा में 2021-22 में रिलीज हुईं फिल्मों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में दिए गए हैं, जिसके लिए एक दिन पहले ही सितारे दिल्ली पहुंच गए थे।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री
अपनी शादी की साड़ी पहनकर पहुंची थीं आलिया
इस बार आलिया भट्ट और कृति सैनन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है। कृति को फिल्म 'मिमी' के लिए तो आलिया को 'गंगूबाई काठियावाड़ी' के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ।
आलिया अपने पति रणबीर कपूर के साथ इस समारोह का हिस्सा बनी थीं और अपनी शादी की साड़ी पहनकर पहुंची थीं, जिसने सबका दिल जीत लिया, वहीं कृति भी साड़ी में ही नजर आईं।
मालूम हो कि यह दोनों ही अभिनेत्रियों का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है।
ट्विटर पोस्ट
आलिया को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
An honor well-deserved! Alia Bhatt wins the Best Actress award for her iconic film #GangubaiKathiawadi. The film will continue to inspire generations. Congratulations to Alia Bhatt for her well-deserved recognition.#NFAOnDD | #NFA | #NFDC | #AliaBhatt | #Gangubai | @aliaa08 pic.twitter.com/OYgqH2bOW1
— Doordarshan National दूरदर्शन नेशनल (@DDNational) October 17, 2023
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता
इन्हें मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकारों का सम्मान
अल्लू अर्जुन को फिल्म 'पुष्पा: द राइज' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। इस फिल्म को दुनियाभर के दर्शकों ने पसंद किया था तो अब जल्द इसका दूसरा भाग 'पुष्पा: द रूल' भी आने वाला है।
पंकज त्रिपाठी ने फिल्म 'मिमी' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किया है।
इसके अलावा विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के लिए अभिनेत्री पल्लवी जोशी को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला है।
विस्तार
आर माधवन को मिला सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार
आर माधवन को अपनी फिल्म 'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट' के लिए सर्वश्रेष्ठ फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है।
यह फिल्म ISRO के एयरोस्पेस इंजीनियर नांबी नारायणन के जीवन पर आधारित थी, जिनकी भूमिका में माधवन नजर आए थे। फिल्म भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नारायणन के योगदान पर प्रकाश डालती है।
बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा वहीदा रहमान को सिनेमा में उनके योगदान के लिए दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस दौरान अभिनेत्री भावुक हो गईं।
विजेता
'सरदार उधम' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' को मिले कई पुरस्कार
शूजित सरकार के निर्देशन में बनी विक्की कौशल की फिल्म 'सरदार उधम' को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला है, वहीं इसने सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम, सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिजाइन, सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी की श्रेणी में भी बाजी मारी है।
संजय लीला भंसाली को 'गंगूबाई काठियावाड़ी' के लिए सर्वश्रेष्ठ एडिटिंग और सर्वश्रेष्ठ एडैप्टेड स्क्रीनप्ले का पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ संवाद लेखक और सर्वश्रेष्ठ मेकअप आर्टिस्ट का खिताब भी इसके नाम रहा।
सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'शेरशाह' को स्पेशल जूरी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उपलब्धि
एसएस राजामौली की 'RRR' का जलवा
एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद अपने गाने 'नाटू नाटू' के लिए ऑस्कर पुरस्कार जीता तो अब इसने अलग-अलग श्रेणियों में 6 राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए हैं।
'RRR' ने सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्रफी, सर्वश्रेष्ठ स्पेशल एफेक्ट्स, सर्वश्रेष्ठ म्यूजिक, सर्वश्रेष्ठ म्यूजिक पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ एक्शन डायरेक्शन और सर्वश्रेष्ठ गायक (तमिल) के लिए पुरस्कार जीता।
इसके अलावा 'छेल्लो शो' को सर्वश्रेष्ठ गुजराती फिल्म और इसमें नजर आए अभिनेता भाविन रबारी को सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार मिला।
विस्तार
इनकी झोली में भी आया राष्ट्रीय पुरस्कार
'777 चार्ली' ने सर्वश्रेष्ठ कन्नड़ फिल्म और ईशा देओल की शॉर्ट फिल्म 'एक दुआ' ने स्पेशल मेंशन का पुरस्कार अपने नाम किया है।
मराठी फिल्म 'गोदावरी' के लिए निर्देशक निखिल महाजन को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला।
तमिल फिल्म' कदायसी विवासई', मलयालम फिल्म 'होम', असामी फिल्म 'अनुर' और तेलुगु फिल्म 'उपेन्ना' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला है।
सिनेमा पर लिखी गई सर्वश्रेष्ठ किताब का खिताब, 'म्यूजिक बाय लक्ष्मीकांत प्यारेलाल' को मिला, जिसे राजीव विजयकर ने लिखा है।