LOADING...
कोरोना महामारी के चलते JEE मेन 2021 का अप्रैल सेशन टला

कोरोना महामारी के चलते JEE मेन 2021 का अप्रैल सेशन टला

Apr 18, 2021
11:45 am

क्या है खबर?

कोरोना वायरस महामारी के कारण कई परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं और कईयों को आगे बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आगे बढ़ने के बाद अब नेशनल टेस्ट एजेंसी (NTA) ने भी अप्रैल में होने वाली ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) मेन 2021 को आगे बढ़ा दिया है। इससे पहले फरवरी और मार्च में इसके दो चरण की परीक्षाएं हो चुकी हैं और यह तीसरा चरण था।

परीक्षा

अब कब होगी परीक्षा?

JEE मेन 2021 की तीसरे चरण की परीक्षाएं 27, 28 और 30 अप्रैल को होनी थी, जिन्हें अब आगे बढ़ा दिया गया है। हालांकि, अभी NTA ने परीक्षाओं की नई तारीखों की घोषणा नहीं की है। NTA द्वारा जारी किए नोटिस में कहा गया है कि अप्रैल सेशन की परीक्षाओं की नई तारीखें आयोजन के कम से कम 15 दिन पहले बता दी जाएंगी। अभी इसके लिए छात्रों को इंतजार करना होगा।

ट्विटर पोस्ट

ANI ने दी जानकारी

Advertisement

JEE मेन

इस बार चार चरणों में हो रहा JEE मेन 2021 का आयोजन

इस साल JEE मेन 2021 का आयोजन चार चरणों में किया जा रहा है। पहले और दूसरे चरण की परीक्षाएं क्रमश: फरवरी और मार्च में हो चुकी हैं। वहीं, अप्रैल में होने वाली तीसरे चरण की परीक्षाओं को टाल दिया गया है। इसके बाद चौथे चरण की 24-28 मई के बीच होने वाली परीक्षाओं को भी आगे बढ़ाया जा सकता है। साथ ही 3 जुलाई को होने वाली JEE एडवांस्ड की परीक्षा भी आगे बढ़ सकती है।

Advertisement

अन्य परीक्षाएं

इससे पहले रद्द और टल चुकी ये परीक्षाएं

JEE मेन 2021 की अप्रैल सेशन की परीक्षाएं स्थगित होने से पहले और भी कई परीक्षाएं टाली और रद्द की जा चुकी हैं। इनमें NEET PG 2021, CBSE और CISCE की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शामिल हैं। इनके अलावा भर्तियों की भी कई परीक्षाएं आगे बढ़ गई हैं। हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ने घोषणा कर बताया कि 10वीं की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं और 12वीं की परीक्षाएं आगे बढ़ा दी गई हैं।

कोरोना वायरस

देश में महामारी की क्या स्थिति?

भारत में बीते दिन कोरोना के रिकॉर्ड 2,61,500 नए मामले सामने आए और 1,501 मरीजों की मौत हुई। देश में लगातार चौथे दिन दो लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,47,88,109 हो गई है। इनमें से 18,01,316 सक्रिय मामले हैं और 1,77,150 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। अमेरिका के बाद भारत इस महामारी से दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश बना हुआ है।

Advertisement