Page Loader
UPSC की तैयारी कर रहे उम्मीदवार अपनाएं ये टिप्स, आसानी से याद होगा सब कुछ
UPSC उम्मीदवार अपनाएं ये अध्ययन तकनीकें (तस्वीरः फ्रीपिक)

UPSC की तैयारी कर रहे उम्मीदवार अपनाएं ये टिप्स, आसानी से याद होगा सब कुछ

लेखन राशि
Sep 25, 2023
12:15 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा (CSE) की तैयारी कर रहे उम्मीदवार अक्सर जानकारियां याद न रहने की समस्या का सामना करते हैं। उम्मीदवार घंटों पढ़ाई करते हैं, लेकिन पढ़ी हुई जानकारी को लंबे समय तक याद रखने में कठिनाई महसूस करते हैं। इस समस्या से बचने के लिए उम्मीदवारों के पास स्मृति प्रतिधारण (मेमोरी रिटेंशन) की क्षमता होनी चाहिए। आइए जानते हैं उम्मीदवार कैसे इस क्षमता को बढ़ा सकते हैं।

#1

सक्रिय अध्ययन तकनीकें अपनाएं

हमेशा एक ही दिशा में पढ़ाई न करें। अगर कुछ याद नहीं हो रहा है तो अध्ययन करने का तरीका बदलें। निष्क्रिय रूप से पढ़ने की बजाय दूसरो को पढ़ाएं या जानकारियों को सुनें। आपे चाहे तो ग्रुप स्टडी कर सकते हैं। इसके अलावा उम्मीदवार विजुअल माध्यमों से भी पढ़ाई कर सकते हैं। अपनी याददाश्त को मजबूत करने के लिए फ्लैशकार्ड और फ्लोचार्ट बनाएं। मानचित्र और चित्रों की सहायता से जानकारियां याद करें।

#2

जानकारियों को अलग-अलग खंडों में बांटे

UPSC का पाठ्यक्रम विशाल है और इसके प्रत्येक टॉपिक का विस्तृत रूप से अध्ययन करना जरूरी है। अगर आपके पास कोई अवधारणा या विषय काफी बड़ा है तो उसे छोटे भागों में तोड़ दें। सभी पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय टॉपिक के 1-1 हिस्से को कवर करें। 1 हिस्से को पूरी तरह समझने के बाद ही अगले हिस्से की तरफ बढ़ें। इससे आप कम समय में विस्तृत रूप से टॉपिक कवर कर पाएंगे।

#3

बार-बार रिवीजन करें

आप जो पढ़ते हैं उसे याद रखने के लिए सबसे पुराना और सटीक तरीका बार-बार रिवीजन करना है। नियमित रूप से जानकारियों का रिवीजन करें। किसी भी विषय का अध्ययन करने से पहले पढ़ी हुई जानकारियों का रिवीजन करें। रिवीजन के लिए शॉर्ट नोट्स का इस्तेमाल करें। मॉक टेस्ट और पिछले साल के प्रश्नपत्रों को हल करना रिवीजन का सबसे आसान तरीका है। इसके अलावा उम्मीदवार जानकारियों को लिखकर भी रिवाइज कर सकते हैं।

#4

सक्रिय रूप से नोट्स बनाएं

जब आप किसी टॉपिक को पढ़ रहे हों तो छोटे और सुव्यवस्थित नोट्स बनाना सहायक होता है। ऐसे में किसी टॉपिक से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं को स्पष्ट और संक्षिप्त तरीके से कॉपी में लिख लें। इन नोट्स को बार-बार अपडेट करना भी जरूरी है। नोट्स बनाने में तकनीक की मदद लें। इससे आपका समय बचेगा और तैयारी का अनुभव भी बेहतर होगा। नोट्स बनाने से सीखी गई जानकारी को याद रखना और समझना आसान हो जाएगा।

#5

निमोनिक्स तकनीक अपनाएं

निमोनिक्स एक ऐसी तकनीक है जिसमें ऐतिहासिक डेटा, भौगोलिक तथ्यों को विभिन्न पद्धतियों से याद करवाता जाता है। इसमें लंबे-लंबे वाक्यों को जोड़कर 1 या 2 शब्दों में याद करवाया जाता है। पढ़ाई के इस तरीके से छात्रों की याद करने की क्षमता बढ़ती है। वे कठिन से कठिन तथ्यों को बड़े आसानी से याद कर पाते। इस तकनीक से याद की गई अवधारणाओं को भूलने की संभावना भी कम होती है।