Page Loader
बोर्ड परीक्षाएं आ रही हैं नजदीक, सफलता के लिए अपनाएं ये स्मार्ट रणनीतियां
परीक्षा की तैयारी के लिए अपनाएं ये स्मार्ट रणनीतियां (तस्वीरः फ्रीपिक)

बोर्ड परीक्षाएं आ रही हैं नजदीक, सफलता के लिए अपनाएं ये स्मार्ट रणनीतियां

लेखन राशि
Dec 16, 2023
09:55 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) समेत अन्य राज्य बोर्डों ने परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। अधिकांश राज्यों में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी से शुरू हो जाएंगी। अब परीक्षाओं में बहुत कम समय शेष है। ऐसे में विद्यार्थी पूरी मेहनत के साथ तैयारी में जुटे हैं। परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए आखिरी दिनों में स्मार्ट रणनीति अपनाने की जरूरत होती है। आइए इसके बारे में जानते हैं।

पाठ्यक्रम

बदले हुए पाठ्यक्रम पर ध्यान दें

CBSE और राज्य बोर्ड कई बार परीक्षा पाठ्यक्रम और पैटर्न में बदलाव करते हैं। उम्मीदवार इन बदलावों को अच्छी तरह समझ लें। जो भी टॉपिक पाठ्यक्रम से हटा दिए गए हैं, उनकी सूची बना लें ताकि इन्हें पढ़ने में समय बर्बाद न हो। इसके अलावा परीक्षा पैटर्न समझें, जिन टॉपिकों को ज्यादा वैटेज दिया गया है, उनकी सूची बनाकर स्टडी टेबल के पास चिपका लें। अब प्रतिदिन लक्ष्य बनाकर इन टॉपिकों को प्रमुखता से कवर करें।

रिवीजन

रिवीजन को ज्यादा समय दें

अब परीक्षाओं में लगभग 2 महीने का समय बचा है। ऐसे में उम्मीदवारों को रिवीजन पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। अगर आपने अभी तक पाठ्यक्रम कवर नहीं कर पाया है तो जल्दी करें। महत्वपूर्ण अनुभागों को कवर करके प्रतिदिन रिवीजन करना शुरू करें। प्रत्येक अवधारणाओं के शॉर्ट नोट्स जरूर बनाएं, इससे रिवीजन में मदद मिलेगी। उम्मीदवार लिखकर या दूसरे व्यक्ति को समझाकर रिवीजन करें। इससे अवधारणाएं स्पष्ट होती हैं और जानकारी भूलने की संभावना कम होती है।

तकनीक

पढ़ाई के लिए 2, 3, 5, 7 तकनीक अपनाएं

बोर्ड परीक्षा की प्रभावी तैयारी के लिए 2, 3, 5, 7 तकनीक अपनाएं। इसमें 2 घंटे का केंद्रित अध्ययन, प्रतिदिन 3 अध्ययन सत्र, 5 मिनट का ब्रेक और 7 दिवसीय अध्ययन चक्र शामिल है। इस तरह छात्र अपने दिन को 2-2 घंटे के क्रेंदित ब्लॉकों में विभाजित करें। इस दौरान किसी 1 विषय पर ही फोकस करें। प्रतिदिन 3 से 4 अध्ययन सत्रों का लक्ष्य रखें, इस तरह आप दिन में 6 से 8 घंटे पढ़ाई कर पाएंगे।

कठिन विषय

कठिन विषयों को समझने के लिए ज्यादा समय दें

अधिकांश छात्र गणित और विज्ञान जैसे विषयों में कठिनाई महसूस करते हैं। इन विषयों के सूत्र और समीकरण आसानी से याद नहीं होते। ऐसे में छात्र इन विषयों को समझने के लिए ज्यादा समय दें। इन विषयों को ऐसे समय पढ़ें जब आप सबसे ज्यादा केंद्रित महसूस करते हैं। गणित और विज्ञान के सूत्रों को याद करने के लिए निमोनिक्स तकनीक का इस्तेमाल करें। फ्लोचार्ट और माइंडमैप की मदद से भी चीजें आसानी से याद हो सकेंगी।

जानकारी

लिखने का अभ्यास करें

परीक्षा के दौरान प्रभावी समय प्रबंधन के लिए अभी से ही लिखने का अभ्यास करें। अपनी लिखावट और लिखने की गति पर विशेष ध्यान दें। टॉपर्स की उत्तर पुस्तिकाओं का विश्लेषण करें और समय-समय पर अपने शिक्षकों से मार्गदर्शन लेते रहें।