बिहार शिक्षक भर्ती के लिए आज से पंजीकरण शुरू, जानिए कैसा है परीक्षा पैटर्न
क्या है खबर?
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने नई शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया आज (16 नवंबर) से शुरू कर दी है।
ये पंजीकरण प्रक्रिया केवल कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के लिए शुरू की गई है, इसके जरिए 9,431 पद भरे जाएंगे।
उम्मीदवार 25 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। आखिरी तारीख के बाद पंजीकरण का मौका नहीं दिया जाएगा।
आइए शिक्षक भर्ती के लिए आवश्यक योग्यता मानदंड और परीक्षा पैटर्न के बारे में जानते हैं।
पात्रता
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं पास/स्नातक और प्रारंभिक शिक्षा में 2 साल का डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
बिहार शिक्षक पात्रता परीक्षा (BTET) पेपर 1 पास कर चुके उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
हालांकि, 2012 से पहले नियुक्त और कार्यरत शिक्षक, जिन्होंने दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, उन्हें BTET उत्तीर्ण करने की आवश्यकता से छूट दी गई है।
आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम 37 साल है।
परीक्षा
कैसा है परीक्षा पैटर्न?
बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा में कुल 150 अंक का पेपर होगा, इसमें कुल 3 भाग होंगे। पहले भाग में हिंदी और अंग्रेजी भाषा से कुल 30 सवाल पूछे जाएंगे।
दूसरे भाग में 40 सवाल होंगे, जो सामान्य जागरूकता, करेंट अफेयर्स, गणित, रीजनिंग, सामान्य विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, भूगोल और पर्यावरण से संबंधित होंगे।
तीसरे भाग में गणित, उर्दू, संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान विषय से कुल 80 सवाल शामिल होंगे। परीक्षा में कोई नकारात्मक अंकन नहीं होगा।
पंजीकरण
कैसे करें पंजीकरण?
आवेदन के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां TRE 2023 के लिए पंजीकरण लिंक पर क्लिक करें।
अगर आप नए आवेदक हैं तो वेबसाइट पर सभी जरूरी जानकारियों के साथ पंजीकरण करें और लॉग-इन विवरण प्राप्त करें।
आवेदन फॉर्म में आधार कार्ड, फोटो, मार्कशीट जैसे दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
आवेदन के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपये, SC, ST, दिव्यांग वर्ग और सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों को 200 रुपये शुल्क देना होगा।
पहला चरण
पहले चरण में हुई थी 1.70 लाख शिक्षकों की भर्ती
इससे पहले चरण में आयोग ने 1.70 लाख रिक्तियों को भरने के लिए भर्ती अभियान चलाया था।
इसके लिए परीक्षा 24 से 26 अगस्त तक चली थी। पूरे प्रदेश में करीब 850 केंद्र बनाए गए थे। पहले चरण की परीक्षा के लिए लगभग 8 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था।
दूसरे चरण के लिए परीक्षा 7 से 10 दिसंबर तक होगी। हालांकि, विपरीत परिस्थितियां होने पर परीक्षा तारीख में परिवर्तन भी किया जा सकता है।