Page Loader
शेयर बाजार में लगातार 3 हफ्तों से क्यों दर्ज हो रही गिरावट? यहां जानिए वजहें 
शेयर बाजार में लगातार 3 हफ्तों से गिरावट दर्ज हो रही

शेयर बाजार में लगातार 3 हफ्तों से क्यों दर्ज हो रही गिरावट? यहां जानिए वजहें 

Jul 18, 2025
01:22 pm

क्या है खबर?

शेयर बाजार में आज (18 जुलाई) गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स आज बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद 600 अंकों से ज्यादा टूटकर 81,628.26 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 50 भी गिरकर 24,925.25 पर आ गया। यह लगातार तीसरा हफ्ता है जब शेयर बाजार में गिरावट दर्ज हो रही है। पिछले 3 हफ्तों में, सेंसेक्स 2,400 अंक या करीब 3 प्रतिशत गिरा है और निफ्टी 50 में भी लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट आई है।

कमजोर आय 

शेयर बाजार में गिरावट के पीछे आय के कमजोर आंकड़े

शेयर बाजार में लगातार 3 हफ्तों से गिरावट की वजह के पीछे सबसे बड़ा कारण पहली तिमाही के कमजोर आय परिणाम हैं। विश्लेषकों को उम्मीद थी कि वित्त वर्ष 2025 की धीमी शुरुआत के बाद कंपनियों की आय में अब सुधार होगा, लेकिन अब तक आए नतीजे उम्मीद से कमजोर रहे हैं। इसके साथ ही कंपनियों के प्रबंधन ने भी सतर्क बयान दिए हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा है और बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा है।

 बिकवाली 

व्यापारिक असमंजस और विदेशी निवेशकों की बिकवाली भी कारण

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता अभी तक नहीं हो पाया है, जिससे निवेशक सतर्क हैं। इसके अलावा, बाजार का मूल्यांकन भी काफी बढ़ा हुआ है, जो निवेशकों को जोखिम लेने से रोक रहा है। जुलाई में अब तक विदेशी निवेशकों ने 17,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे हैं। घरेलू निवेशकों के बावजूद यह भारी बिकवाली बाजार पर दबाव बनाए हुए है, जिससे लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

अन्य वजह

तकनीकी स्तरों का टूटना बढ़ा रहा बेचैनी

तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार, निफ्टी 50 का 25,000 का स्तर अहम समर्थन था, जो अब टूट चुका है। इसके नीचे गिरने से संकेत मिलते हैं कि बाजार और नीचे जा सकता है। तकनीकी चार्ट पर मंदी के संकेत मिल रहे हैं, जिससे निवेशकों की चिंता और बढ़ गई है। अगर निफ्टी 25,255 के ऊपर नहीं जाता, तो यह 24,850 तक गिर सकता है। इन तकनीकी कारकों ने भी बाजार की कमजोरी को और गहरा किया है।