Page Loader
SEBI ने टाटा कैपिटल के गोपनीय DRHP को दी मंजूरी, जल्द आएगा IPO 
टाटा कैपिटल जल्द अपना IPO लॉन्च करेगी (तस्वीर: एक्स/@Aismindiia)

SEBI ने टाटा कैपिटल के गोपनीय DRHP को दी मंजूरी, जल्द आएगा IPO 

Jun 21, 2025
02:45 pm

क्या है खबर?

टाटा संस की सहायक कंपनी टाटा कैपिटल ने अपने 17,200 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए तैयारी कर ली है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) के सार्वजनिक निर्गम के लिए मसौदा पत्रों को मंजूरी दे दी है। यह कदम टाटा कैपिटल को उसके IPO लॉन्च के एक कदम और करीब ले आया है। यह भारत के वित्तीय क्षेत्र में सबसे बड़े IPO में से एक होगा।

प्रक्रिया 

अब कंपनी काे करना होगा यह काम 

आगामी IPO में टाटा संस द्वारा बिक्री के लिए प्रस्ताव के साथ एक नया शेयर निर्गम भी शामिल होगा। SEBI द्वारा गोपनीय ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को मंजूरी दिए जाने के बाद कंपनी को नियामक की वेबसाइट पर अपडेट ड्राफ्ट सार्वजनिक रूप से दाखिल करना होगा। इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार, टाटा कैपिटल द्वारा जुलाई की शुरुआत में रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) दाखिल करने की उम्मीद है। यह कदम 5 अप्रैल को DRHP दाखिल करने के बाद उठाया गया है।

बढ़ावा 

गैर-सूचीबद्ध शेयरों में बढ़ावा 

पिछले छह महीनों में टाटा कैपिटल के गैर-सूचीबद्ध शेयरों में 13.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जो लगभग 1,050 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा है। इससे कंपनी का बाजार पूंजीकरण लगभग 3.8 लाख करोड़ रुपये हो गया है। मार्च तिमाही में कर के बाद इसका समेकित लाभ पिछले साल की समान तिमाही के 765 करोड़ रुपये से 31 फीसदी बढ़कर 1,000 करोड़ रुपये हो गया। परिचालन राजस्व 4,998 करोड़ से 50 फीसदी बढ़कर 7,478 करोड़ रुपये हो गया।