Page Loader
क्या होती हैं फेसलिफ्ट कारें? जानें कैसे होती हैं यह बेस मॉडल से अलग
क्या होती हैं फेसलिफ्ट कारें

क्या होती हैं फेसलिफ्ट कारें? जानें कैसे होती हैं यह बेस मॉडल से अलग

Jan 09, 2022
02:14 pm

क्या है खबर?

आज कल गाड़ियों के फेसलिफ्टेड मॉडल बाजार में धूम मचा रहे हैं। ज्यादातर कंपनियां अपने लोकप्रिय मॉडल के फेसलिफ्ट वर्जन के पेश कर रही है। ये गाड़ियां अपने बेस मॉडल से न सिर्फ लुक में अगल होती हैं, बल्कि इनकी कीमत भी ज्यादा होती है। ऐसे में अगर आप भी इन दिनों एक ऐसी ही कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो पहले फेसलिफ्ट कार से जुड़ी इन काम की बातों को समझ लें।

परिचय

क्या होती है फेसलिफ्ट कार?

फेसलिफ्ट शब्द का उपयोग सर्जरी में किया जाता है, जहां चेहरे की झुर्री और उम्र बढ़ने वाली त्वचा की सर्जरी करके उन्हे नया लुक दिया जाता है। ऑटोमोटिव फेसलिफ्ट भी काफी हद तक समान है। यह एक पुरानी कार को नए और बेहतर डिजाइन के साथ अपडेट किया जाता है। इन्हे बेस मॉडल में कुछ छोटे बदलाव करके पेश किया जाता है। ये बदलाव आमतौर पर बंपर, लाइट और ग्रिल में किए जाते हैं।

इतिहास

1927 में आई थी पहली फेसलिफ्ट कार

दुनिया की पहली फेसलिफ्ट कार 1927 में आई थी, जिसे 1908 में बनी कार के फेसलिफ्ट के रूप में लाया गया था। हालांकि, इसके बारे में ज्यादा जानकारी मौजूद नहीं है। इसके बाद आधिकारिक तौर पर फोर्ड ने अपने मॉडल टी के फेसलिफ्ट को पेश किया था। इसके बाद अन्य अमेरिकी कार निर्माताओं ने भी इसका अनुसरण किया और 1950 के दशक तक ज्यादातर कंपनियां अपनी गाड़ियों के फेसलिफ्ट मॉडल को पेश करने लगी।

कारण

क्यों किया जाता है कारों को फेसलिफ्ट?

कोई भी कार अधिकतम 10 से 12 साल तक बाजार में अपनी पकड़ बनाए रख सकती है। इसके बाद नई कारें नए फीचर्स के साथ इसकी जगह ले लेती हैं। ऐसे में हर बार एक नए मॉडल को पेश करना वाहन निर्माताओं के लिए संभव नहीं है। इसलिए निर्माता अपने चर्चित मॉडलों के डिजाइन में कुछ छोटे-मोटे बदलाव करके उन्हे फिर से पेश करते हैं। इस तरह यह मॉडल में रुचि को फिर से बढ़ा देते हैं।

अंतर

फेसलिफ्ट और रिडिजाइन में क्या है अंतर?

आमतौर पर फेसलिफ्ट को रिडिजाइन समझ लिया जाता है, लेकिन इनमें बहुत बड़ा अंतर है। एक फेसलिफ्ट कार अपने अंदर और बाहर अधिक नई सुविधाओं को जोड़ती है और आमतौर पर इन्हे एक नया स्टाइलिंग अपडेट मिलता है। वहीं, दूसरी तरफ रिडिजाइन में कार को एक तरह से फिर से बनाया जाता है। इनमें एक पूरी तरह से नया रूप, कई नई सुविधाएं, एक नया इंटीरियर और एक नया पावरट्रेन शामिल किया जाता है।

जानकारी

क्यों होती है फेसलिफ्ट की कीमत ज्यादा?

फेसलिफ्ट कारों में आमतौर पर वैसे बदलाव किये जाते हैं, जिन्हे आसानी से किया जा सके, लेकिन कार की स्टाइलिंग और स्पेसिफिकेशन में भी छोटे बदलावों के लिए बहुत पैसा खर्च होता है। उस लागत को पूरा करने के लिए इनके दाम ज्यादा होते हैं।