Page Loader
हुंडई ने प्रदर्शित की उड़ने वाली कार सुपरनल S-A2, जानिए इसकी खासियत
हुंडई की सुपरनल S-A2 फ्लाइंग कार का उत्पादन 2028 में शुरू होगा (तस्वीर: एक्स/@HMGnewsroom)

हुंडई ने प्रदर्शित की उड़ने वाली कार सुपरनल S-A2, जानिए इसकी खासियत

Jan 11, 2024
06:21 pm

क्या है खबर?

कोरियाई कंपनी हुंडई की एयर मोबिलिटी शाखा सुपरनल ने लास वेगास में आयोजित CES 2024 में सुपरनल S-A2 फ्लाइंग कार प्रदर्शित की है। यह एक इलेक्ट्रिकल वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग (eVTOL) एयरक्रॉफ्ट है, जो भविष्य में एयर टैक्सी के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी 2025 में इसकी फ्लाइंग टेस्टिंग शुरू करेगी और प्री-प्रोडक्शन वाहनों का टेस्ट 2026 और 2027 में किया जाएगा। इसके बाद, 2028 में S-A2 फ्लाइंग कार का उत्पादन शुरू करने की योजना है।

खासियत 

192 किमी/घंटा की रफ्तार से उड़ सकेगा यह एयरक्रॉफ्ट

सुपरनल S-A2 पहली बार 2020 में प्रदर्शित किए गए S-A1 का अपग्रेड वर्जन है, जिसमें पायलट सहित 5 लोग बैठ सकते हैं और यह बिजली से संचालित है। यह फ्लाइंग कार 192 किमी/घंटा की रफ्तार से 1,500-फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकती है और इसे 40-65 किलोमीटर के बीच कम दूरी के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें आठ टिल्टिंग रोटर्स का उपयोग किया गया है। कंपनी भविष्य में इसे हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से लैस कर सकती है।

विकल्प 

एयर मोबिलिटी का बेहतर विकल्प बनेंगी फ्लाइंग कार 

सुपरनल प्रोजेक्ट का नेतृत्व हुंडई के अध्यक्ष जयवोन शिन कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि विमानन उद्योग के अनुमानों से पता चलता है कि भविष्य में टैक्सियों के विकल्प के रूप में eVTOL एयरक्रॉफ्ट का भारी विस्तार होने वाला है। बाजार को संभावित रूप से इस प्रकार के हजारों एयरक्रॉफ्ट की आवश्यकता हो सकती है, जबकि आज कुल वैश्विक कमर्शियल एयरक्रॉफ्ट बेड़े की संख्या 30,000 से अधिक नहीं है। इसलिए एयर मोबिलिटी के लिए फ्लाइंग टैक्सी बेहतर विकल्प बनेंगी।