Page Loader
पिछले साल इलेक्ट्रिक कार रजिस्ट्रेशन में बेंगलुरु सबसे आगे, इन शहरों को पछाड़ा 
2023 में बेंगलुरु में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कारों का रजिस्ट्रेशन किया गया था (तस्वीर: अनस्प्लैश)

पिछले साल इलेक्ट्रिक कार रजिस्ट्रेशन में बेंगलुरु सबसे आगे, इन शहरों को पछाड़ा 

Jun 16, 2024
12:22 pm

क्या है खबर?

पिछले साल में इलेक्ट्रिक कार अपनाने के मामले में बेंगलुरु ने दिल्ली, मुंबई और पुणे जैसे शहरों को पीछे छोड़ दिया। जाटो डायनेमिक्स इंडिया के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में बेंगलुरु में 8,690 इलेक्ट्रिक कार पंजीकृत हुई। यह आंकड़ा 2022 में बिकीं 2,479 EVs की तुलना में सालाना आधार पर 121.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। फर्म के अनुसार, पिछले साल भारत में कुल 87,927 इलेक्ट्रिक कारों का रजिस्ट्रेशन हुआ था, जो 2022 की तुलना में 143.7 प्रतिशत अधिक है।

अन्य शहर 

शीर्ष 5 में ये शहर भी हैं शामिल 

2023 में इलेक्ट्रिक कार रजिस्ट्रेशन के मामले में दिल्ली 8,211 के साथ देश में दूसरे स्थान पर रही है। इसी तरह हैदराबाद (6,408), मुंबई (5,425) और पुणे (3,991) क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। 2022 में सबसे अधिक इलेक्ट्रिक कार बिक्री में 4,745 इलेक्ट्रिक कारों के साथ मुंबई शीर्ष पर थी। इनके अलावा दिल्ली (3,748), पुणे (2914), बेंगलुरु (2,479) और हैदराबाद (2,225) का क्रमशः दूसरा, तीसरा, चाैथा और 5वां स्थान रहा था।

कारण 

इन कारणों से इलेक्ट्रिक कार बिक्री में आई तेजी 

इससे पहले 2020 और 2021 में दिल्ली और मुंबई क्रमशः 4,42 और 1,700 इलेक्ट्रिक कारों के पंजीकरण के साथ शीर्ष स्थान पर थे। आंकड़ों से पता चलता है कि भारत में इलेक्ट्रिक कारों को तेजी से बढ़ावा मिल रहा है। जाटो डायनेमिक्स के निदेशक रवि भाटिया के अनुसार, इसमें नए इलेक्ट्रिक कार मॉडल्स आने, EV चार्जिंग बुनियादी ढांचे में सुधार, इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति उपभोक्ता में जागरूकता के साथ सब्सिडी की भूमिका काफी अहम रही है।