Page Loader
डेरोन एसेमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स रॉबिन्सन को मिला अर्थशास्त्र में 2024 का नोबेल पुरस्कार
डेरोन एसेमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स रॉबिन्सन को मिला नोबेल पुरस्कार (तस्वीर: एक्स/@NobelPrize)

डेरोन एसेमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स रॉबिन्सन को मिला अर्थशास्त्र में 2024 का नोबेल पुरस्कार

Oct 14, 2024
03:46 pm

क्या है खबर?

रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने अर्थशास्त्र के क्षेत्र में योगदान के लिए 2024 के नोबेल पुरस्कार का ऐलान कर दिया है। इस बार यह पुरस्कार प्रमुख अर्थशास्त्री डारोन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए रॉबिन्सन को संस्थाएं कैसे बनती हैं और समृद्धि को कैसे प्रभावित करती हैं, पर अध्ययन के लिए दिया गया है। इस अध्ययन ने राजनीतिक संस्थाओं के गठन और विकास के साथ-साथ सामाजिक संपदा पर उनके प्रभाव को समझने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

घटक

अर्थशास्त्रियों के मॉडल ने की राजनीतिक संस्थाओं के गठन और परिवर्तन की व्याख्या

राजनीतिक संस्थाओं का निर्माण और परिवर्तन को समझाने के लिए विजेताओं के मॉडल के 3 घटक हैं। पहला घटक समाज में संसाधनों के आवंटन और निर्णय लेने की शक्ति को लेकर संघर्ष है, जो आमतौर पर विशेष वर्ग और आम जनता के बीच होता है। दूसरा घटक यह प्रस्तावित करता है कि जनता को समय-समय पर सत्तारूढ़ विशेष वर्ग को चुनौती देने के अवसर मिलते हैं, जिसके लिए वह लामबंद होकर उन्हें सत्ता खत्म करने का डर दिखाती है।

अन्य

क्या है पुरस्कार विजेताओं के मॉडल का तीसरा घटक?

पुरस्कार विजेताओं के मॉडल का तीसरा और सबसे अहम घटक प्रतिबद्धता की समस्या से निपटता है, जिसका अर्थ है कि मजबूत वर्ग के लिए एकमात्र विकल्प लोगों को निर्णय लेने की शक्ति देना है। इस नए दृष्टिकोण ने सामाजिक गतिशीलता और सत्ता संरचनाओं में महत्वपूर्ण अंतर्दृष्टि प्रदान की है। बता दें कि एसेमोग्लू और जॉनसन मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में काम करते हैं, जबकि रॉबिन्सन शिकागो यूनिवर्सिटी की अर्थशास्त्र शाखा से जुड़े हुए हैं।

पुरस्कार

क्या है नोबेल पुरस्कार?

नोबेल पुरस्कारों की शुरुआत 1901 में हुई थी। ये पुरस्कार पिछले 12 महीनों में मानवता के लिए भलाई करने वाले और विज्ञान की दिशा बदलने वालों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है। यह पुरस्कार भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, चिकित्सा, साहित्य और शांति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हर साल दिए जाते हैं। सबसे पहले चिकित्सा पुरस्कार की घोषणा की जाती है। अर्थशास्त्र में भी नोबेल मेमोरियल पुरस्कार दिया जाता है, जो नोबेल पुरस्कार के समान है।

परिचय

1969 में हुई थी अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार की शुरूआत

गौरतलब है कि अर्थशास्त्र का पुरस्कार मूल नोबेल पुरस्कार नहीं है और अन्य क्षेत्रों के नोबेल पुरस्कारों के विपरीत इसका अल्फ्रेड नोबेल की वसीयत में कोई जिक्र नहीं है। स्वीडन का केंद्रीय बैंक नोबेल की याद में यह पुरस्कार देता है और इसकी शुरूआत 1969 में हुई थी। अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार जीतने वाले शख्स को लगभग नौ लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 7.56 करोड़ रुपये) नकद दिए जाते हैं। 10 दिसंबर को विजेताओं को ये पुरस्कार दिया जाएगा।