Page Loader
शुभमन गिल ने जड़ा टेस्ट करियर का 8वां शतक, ये बड़े रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 
शुभमन गिल कमाल के फॉर्म में हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

शुभमन गिल ने जड़ा टेस्ट करियर का 8वां शतक, ये बड़े रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 

Jul 05, 2025
08:14 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतकीय पारी (161) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 8वां और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5वां शतक रहा। इस मैच की पहली पारी में भारतीय कप्तान के बल्ले से 269 रन निकले थे। पहले टेस्ट में भी उन्होंने 147 रन की शानदार पारी खेली थी। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही गिल की पारी और साझेदारी 

भारत ने जब 96 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब गिल क्रीज पर उतरे। उन्होंने एक छोर से डटकर बल्लेबाजी की। भारतीय कप्तान ने ऋषभ पंत (65) के साथ मिलकर 103 गेंदों में 110 रन की साझेदारी निभाई। उन्होंने चौथे दिन के दूसरे सत्र में अपना शतक पूरा किया। गिल ने 162 गेंदों का सामना किया और उनके बल्ले से 13 चौके और 8 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 99.38 की रही।

रिकॉर्ड

गिल ने तोड़े ये बड़े रिकॉर्ड्स 

गिल ने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में कुल 350+ रन बनाकर 11 साल बाद यह कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले 2014 में कुमार संगाकारा ने चटगांव टेस्ट में 424 रन बनाए थे। गिल अब एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने सुनील गावस्कर के 344 रन (वेस्टइंडीज के खिलाफ, 1971, पोर्ट ऑफ स्पेन) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

उपलब्धि

गिल ने रचा इतिहास 

गिल ने इंग्लैंड में इतिहास रच दिया है। वह 1 टेस्ट मैच में इंग्लैंड की धरती पर किसी भी विदेशी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ (362 रन, बर्मिंघम 2003) के नाम था। गिल अब इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में 500+ रन बनाने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। सुनील गावस्कर (1979), राहुल द्रविड़ (2002) और विराट कोहली (2018) ने उनसे पहले ये कारनामा किया था।

कप्तान

गिल ने तोड़ा विराट कोहली का ये बड़ा रिकॉर्ड 

गिल ने बतौर भारतीय कप्तान भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह एक टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड कोहली के नाम था, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दिल्ली में 293 रन बनाए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर गावस्कर हैं। उन्होंने 1978 में कोलकाता में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 289 रन बनाए थे। गिल का यह प्रदर्शन ऐतिहासिक बन गया है।

पारी

पहली पारी में खेली थी ऐतिहासिक पारी 

गिल ने पहली पारी में 269 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। उन्होंने 387 गेंदों पर 30 चौके और 3 छक्के लगाए थे। यह विदेशी जमीन पर किसी भारतीय बल्लेबाज का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। साथ ही गिल इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने थे। उन्होंने बतौर कप्तान इंग्लैंड में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। उनकी इस पारी से भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए थे।

दोनों पारी

इंग्लैंड के खिलाफ दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले कप्तान 

गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट में दोनों पारियों में शतक जड़कर खास सूची में जगह बना ली है। वह ऐसे तीसरे कप्तान बने हैं जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एक ही टेस्ट में 2 शतक लगाए। इससे पहले यह कारनामा एलन मेलविल ने 1947 में (189 और नाबाद 104, नॉटिंघम) और इंजमाम-उल-हक ने 2005 में (109 और नाबाद 100, फैसलाबाद) किया था। गिल ने पहली पारी में 269 रन बनाए थे।

कोहली 

54 साल बाद भारत के लिए गिल ने किया ये कारनामा 

गिल गावस्कर (124 और 220 बनाम वेस्टइंडीज, 1971) के बाद एक टेस्ट मैच में शतक और दोहरा शतक जमाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने 54 साल बाद भारत के लिए यह कारनामा किया है। वह भारत के सिर्फ तीसरे कप्तान बने हैं, जिसने एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाया है। इससे पहले गावस्कर (107, 182 बनाम वेस्टइंडीज 1978) और कोहली (115 और 141 बनाम ऑस्ट्रेलिया 2014) ने ये कारनामा किया था।

छक्का

भारत के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले कप्तान बने गिल 

भारतीय टेस्ट कप्तानों द्वारा एक पारी में सर्वाधिक छक्के मारने के मामले में गिल अब शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 8 छक्के लगाए। उनसे पहले यह रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम था। धोनी ने साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ और 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6-6 छक्के लगाए थे। इसके अलावा धोनी ने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 और 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 छक्के लगाए थे।