Page Loader
दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम की स्थिति मजबूत, ऐसा रहा चौथे दिन का खेल 
इंग्लैंड को शुरुआती झटके लगे (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम की स्थिति मजबूत, ऐसा रहा चौथे दिन का खेल 

Jul 05, 2025
11:08 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम की एजबेस्टन के दूसरे टेस्ट में स्थिति बेहद मजबूत हो गई है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 3 विकेट खोकर 72 रन बना लिए हैं। अब उसे आखिरी दिन जीत के लिए 536 रन की जरूरत है। क्रीज पर हैरी ब्रूक (15*) और ओली पोप (24*) मौजूद हैं। भारत को आखिरी दिन जीत के लिए 7 विकेट और लेने हैं। ऐसे में आइए चौथे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।

दिन 

ऐसा रहा चौथे दिन का खेल

चौथे दिन भारतीय टीम ने 64/1 के स्कोर के आगे खेलना शुरू किया। कप्तान शुभमन गिल (161), केएल राहुल (55), ऋषभ पंत (65) और रविंद्र जडेजा (69) ने शानदार पारी खेली। इनके दम पर भारत ने 427/6 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी और इंग्लैंड को 608 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में इंग्लैंड को शुरुआती झटके लगे और उनके 3 बल्लेबाज जल्दी पवेलियन लौट गए। आकाश दीप ने 2 और मोहम्मद सिराज ने 1 विकेट लिया।

शतक

गिल ने बल्ले से निकली शानदार पारी 

गिल ने मैच में 162 गेंदों का सामना किया और 161 रन बनाए। उनके बल्ले से 13 चौके और 8 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 99.38 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 8वां और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5वां शतक रहा। इस मैच की पहली पारी में भारतीय कप्तान के बल्ले से 269 रन निकले थे। ऋषभ पंत (65) के साथ मिलकर उन्होंने 103 गेंदों में 110 रन की साझेदारी निभाई।

अर्धशतकक

रविंद्र जडेजा ने दूसरी पारी में भी जड़ा अर्धशतक 

पहली पारी में 89 रन बनाने के बाद जडेजा ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की और 69 रन पर नाबाद लौटे। वह उस समय क्रीज पर आए जब भारत का स्कोर 236/ 4 का था। चाय के बाद उन्होंने लय पकड़ी और गिल के साथ 175 रनों की अहम साझेदारी की। जडेजा ने 118 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से ये 69 रन बनाए। ये उनके टेस्ट करियर का 24वां अर्धशतक रहा।

पंत

ऋषभ पंत ने खेली बेमिसाल पारी 

पंत ने 58 गेंदों का सामना किया और 65 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 112.07 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का 16वां और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5वां अर्धशतक रहा। पहली पारी में पंत कुछ खास नहीं कर पाए थे और 42 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हो गए थे। पहले टेस्ट की दोनों पारियों में इस खिलाड़ी के बल्ले से अर्धशतक निकले थे।

केएल राहुल

केएल राहुल ने जड़ा 18वां अर्धशतक 

राहुल ने 84 गेंदों का सामना किया और 55 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 65.48 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का 18वां और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा। राहुल के टेस्ट क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज के रूप में 3,039 रन हो गए है। उनकी औसत 36.17 की रही है। इस दौरान उन्होंने 50 टेस्ट में 8 शतक और 15 अर्धशतक लगाए हैं।

दबदबा

भारत की यह पारी रही ऐतिहासिक 

भारत ने पहली बार एजबेस्टन में टेस्ट मैच में पारी घोषित की है। यह ऐतिहासिक क्षण उनके मैच में दबदबे को दर्शाता है। इस मैच में भारत ने इंग्लैंड को 608 रनों का लक्ष्य दिया, जो टेस्ट इतिहास में भारत द्वारा दिया गया दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य है। इससे पहले 2009 में वेलिंग्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने 617 रनों का लक्ष्य रखा था। तीसरा सबसे बड़ा लक्ष्य 2024 में राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ 557 रन का था।

उपलब्धि

गिल ने ये बड़ी उपलब्धि भी की अपने नाम 

टेस्ट मैच की दोनों पारियों में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में गिल दूसरे स्थान पर आ गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने कुल 430 रन बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया। इस सूची में पहले नंबर पर इंग्लैंड के ग्राहम गूच हैं, जिन्होंने 1990 में भारत के खिलाफ 456 रन बनाए थे। उनके बाद मार्क टेलर (426), कुमार संगाकारा (424) और ब्रायन लारा (400) जैसे दिग्गजों के नाम हैं।