Page Loader
कोरोना वायरस: दुनियाभर में मृतकों की संख्या 1.5 लाख पार, भारत में 480 मौतें

कोरोना वायरस: दुनियाभर में मृतकों की संख्या 1.5 लाख पार, भारत में 480 मौतें

Apr 18, 2020
09:39 am

क्या है खबर?

दुनियाभर में कोरोना वायरस (COVID-19) के कारण जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1.50 लाख से पार पहुंच गया है। खबर लिखे जाने तक दुनियाभर में एक लाख 54 हजार 209 इस खतरनाक वायरस के कारण मौत का शिकार हो चुके थे और 22.43 लाख लोग इससे संक्रमित हैं। अमेरिका इस महामारी से सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां 36,900 लोगों की मौत हो चुकी है और 7 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।

कोरोना वायरस

इटली, स्पेन और फ्रांस भी बुरी तरह प्रभावित

सबसे ज्यादा संक्रमितों की संख्या के मामले में स्पेन दूसरे नंबर पर है। यहां महामारी से संक्रमित 1.90 लाख लोगों में से 20,000 से ज्यादा की मौत हो चुकी है। मौत के लिहाज से बात करें तो इटली दूसरे स्थान पर है। यहां 22,745 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1.72 लाख लोग इससे संक्रमित हैं। संक्रमितों और मौत के लिहाज से फ्रांस चौथे नंबर पर है। यहां 1.49 लाख संक्रमितों में से 18,700 की मौत हुई है।

जानकारी

भारत में अब तक कितने मामले?

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 18 अप्रैल सुबह तक देशभर में कुल 14,378 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी थी। इनमें से 11,906 सक्रिय मामले हैं, 1,991 ठीक हो चुके हैं और 480 लोगों की मौत हुई है।

कोरोना वायरस

10 अप्रैल तक हो चुकी थी एक लाख मौतें

बीते 10 अप्रैल तक दुनियाभर में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या एक लाख को पार कर गई थी। इनमें से आधी मौतें 10 अप्रैल के पहले के सप्ताह में हुई थी। गौरतलब है कि कोरोना वायरस का पहला मामला पिछले साल नवंबर में वुहान में सामने आया था। चीन ने 31 दिसंबर को पहली बार विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) को इसकी जानकारी दी। 11 मार्च को इसे WHO की तरफ से महामारी घोषित किया गया।

बयान

वुहान की लैब से वायरस फैलने की रिपोर्ट की जांच जारी- ट्रंप

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका इस बात की जांच कर रहा है कि क्या कोरोना वायरस चीन के शहर वुहान की किसी लैब से निकला है। शुक्रवार को जब पत्रकारों ने ट्रंप से उन रिपोर्ट को लेकर सवाल किया, जिनमें इस वायरस के वुहान लैब से निकलने की बात कही थी तो ट्रंप ने जवाब दिया, "हम इसकी जांच कर रहे हैं। कई लोग इसकी जांच में लगे हैं। ऐसा हो सकता है।"

लॉकडाउन

फीलिपींस के राष्ट्रपति ने दी मार्शल लॉ लागू करने की धमकी

फीलिपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटर्टे ने धमकी दी है कि अगर लोग नहीं मानेंगे तो मार्शल लॉ लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर लोग घर से बाहर निकलते हैं और तो स्थिति पुलिस और सेना के हाथों में चली जाएगी। यह पहली बार नहीं है जब डुटर्टे ने ऐसा बयान दिया है। कुछ दिन पहले उन्होंने पुलिस और सेना को लॉकडाउन के दौरान हिंसक प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए गोली चलाने का आदेश दिया था।

कोरोना वायरस

ऐसे बढ़ता गया संक्रमण

कोरोना वायरस के पहले एक लाख मामले सामने आने में तीन महीने से अधिक का समय लगा था। इसके बाद जैसे-जैसे वायरस अन्य देशों में पैर पसारता गया, वैसे-वैसे इसके बढ़ने की गति तेज होती गई। संक्रमितों की संख्या पांच लाख से 10 लाख पहुंचने में एक हफ्ते का समय लगा। 3 अप्रैल को दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या 10 लाख के पार गई। इसके बाद अगले 10 लाख मामले मात्र 12 दिन के अंदर सामने आ गए।