Page Loader
दक्षिण कोरिया: एक दिन के अंदर 1 साल घटी लोगों की उम्र, जानिए क्या है कारण 
दक्षिण कोरिया में घटी लोगों की 1 साल उम्र

दक्षिण कोरिया: एक दिन के अंदर 1 साल घटी लोगों की उम्र, जानिए क्या है कारण 

लेखन अंजली
Jun 28, 2023
06:16 pm

क्या है खबर?

दक्षिण कोरिया में बुधवार को उम्र की गणना को लेकर लागू किए गए नए नियम से लोगों की उम्र 1 साल कम हो गई। देश ने अपने यहां लागू उम्र की गणना करने वाले पारंपरिक तरीके को हटाकर अन्य देशों की तरह अंतरराष्ट्रीय तरीके को अपनाया है। संशोधन के तहत प्रशासनिक और नागरिक मामलों में उम्र की गणना बाकी दुनिया की तरह होगी, जबकि शराब पीने, सेना और स्कूल में भर्ती के लिए पुरानी पद्धति ही लागू रहेगी।

पुराना तरीका

पहले इस तरह से होती थी उम्र की गणना

पहले दक्षिण कोरिया में पैदा होते ही बच्चे को 1 साल का मान लिया जाता था और हर जनवरी को उसकी उम्र में एक साल जोड़ा जाता था। उदाहरण के लिए अगर बच्चा 31 दिसंबर को पैदा हुआ तो 1 जनवरी को उसे 2 साल का माना जाता है। नियमों में बदलाव की मंजूरी संसद ने पिछले साल दिसंबर में दी थी। इसके लिए सरकारी सर्वे भी हुआ था, जिसमें 86 प्रतिशत लोगों ने नए कानून का समर्थन किया।

बयान

नई उम्र गणना से कई शिकायतें होगीं कम- ली वान-क्यू

देश में 1960 के दशक की शुरुआत से ही नवजात शिशु को 1 साल का माना जाता था। हालांकि, अब इस साल के जून महीने से यह पुराना नियम खत्म कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री ली वान-क्यू ने सोमवार को एक ब्रीफिंग में कहा, "हमें उम्मीद है कि उम्र की गणना करने के तरीके को लेकर पैदा हुए कानूनी विवाद, शिकायतें और सामाजिक भ्रम काफी हद तक कम हो जाएंगे।"

बयान

नई उम्र गणना को लेकर खुश हैं देश के नागरिक

देश की राजधानी सियोल में 27 वर्षीय कार्यालय कर्मचारी चोई ह्यून-जी ने कहा, "मैं अगले साल (पारंपरिक कोरियाई आयु प्रणाली के तहत) 30 साल का होने वाला था, लेकिन अब मेरे पास कुछ और समय है और मुझे यह पसंद है।" चोई ने आगे यह भी कहा, "युवा होने का एहसास बहुत अच्छा है।" हालांकि, दक्षिण कोरिया में स्कूल प्रवेश, शराब पीने और धूम्रपान करने की कानूनी उम्र गणना पहले वाली ही रहेगी।

जानकारी

इन देशों में भी नवजात की होती थी 1 साल की उम्र 

दक्षिण कोरियाई ही नहीं, बल्कि कुछ समय पहले तक चीन, जापान और वियतनाम में भी नवजात को 1 साल का माना जाता था, लेकिन धीरे-धीरे इन देशों ने अंतरराष्ट्रीय नियम को अपना लिया था। उत्तरी कोरिया ने साल 1985 में अंतरराष्ट्रीय नियम को अपनाया था।