Page Loader
ये हैं दुनियाभर के 5 सबसे महंगे फूलों की सूची, लाखों-करोड़ों तक है कीमत  
महंगे फूलों की सूची (प्रतीकात्मक तस्वीर: अनस्प्लैश)

ये हैं दुनियाभर के 5 सबसे महंगे फूलों की सूची, लाखों-करोड़ों तक है कीमत  

लेखन गौसिया
Dec 08, 2023
07:09 pm

क्या है खबर?

अभी तक आपने दुनिया की एक से बढ़कर एक महंगी चीजों के बारे में सुना होगा, लेकिन क्या कभी महंगे फूलों के बारे में सुना है। सभी फूलों की कीमत अलग-अलग होती है, लेकिन आज हम जिन फूलों के बारे में बताएंगे, उनकी कीमत जानकर आप दंग रह जाएंगे। ये फूल इतने महंगे हैं कि एक आम इंसान को इन्हें खरीदने के लिए अपनी जमीन तक बेचनी पड़ सकती है। आइये आज इसकी के बारे में जानते हैं।

#1

सैफरन क्रोकस

दुनिया के सबसे महंगे फूलों की सूची में सैफरन क्रोकस का नाम शामिल है। इसी फूल से केसर ही होता है, जिसका इस्तेमाल कई मिठाइयों और ब्यूटी उत्पादों में किया जाता है। फिलहाल बाजारों में केसर की कीमत 2 लाख रुपये किलो के आसपास है। ऐसे में आप इसके फूल की कीमत का अंदाजा लगा सकते हैं कि यह कितना महंगा होगा। बता दें कि लगभग 1 किलो इस फूल की कीमत 8.33 लाख रुपये है।

#2

गोल्डन आर्किड

सबसे महंगे फूलों की सूची में गोल्डन आर्किड का नाम भी शामिल है। ये फूल अब ज्यादा नहीं होते हैं इसलिए भी इनकी कीमत अधिक है। अब ये फूल मलेशिया के कुछ ही इलाकों में खिलते हैं, खासकर किनाबलु नेशनल पार्क में। इसी कारण से इन फूलों को विलुप्तप्राय की कैटेगरी में भी शामिल कर दिया गया है। इसके सिर्फ 1 फूल की कीमत करीब 5 लाख रुपये है।

#3

शेन्जीन नोंगके आर्किड 

फूलों की इस सूची में शेन्जीन नोंगके आर्किड नामक फूल भी शामिल है। ऐसा माना जाता है कि इस फूल को इंसानों ने मिलकर बनाया था। जी हां, चीन के कृषि वैज्ञानिकों ने मिलकर इस फूल को 8 साल के शोध के बाद बनाया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2005 में इस फूल की नीलामी हुई थी और उस वक्त इसे 1 करोड़ से भी ज्यादा रुपये में खरीदा गया था। इसके बाद से ही यह इस सूची में शामिल है।

#4

जूलियट रोज 

जूलियट रोज को सबसे पहले डेविड ऑस्टिन ने उगाया था। इसके लिए उन्होंने 15 साल तक इंतजार किया था। उन्होंने इस फूल को कई दुर्लभ फूलों की ब्रीडिंग से तैयार किया गया था, इसलिए इसकी कीमत भी अधिक है। जब यह फूल उगा था तब इसकी कीमत 130 करोड़ रुपये थी। फिलहाल गुलाब की यह प्रजाति काफी महंगी है और इसकी कीमत 90 करोड़ रुपये तक है। इसके अलावा इसकी खुशबू भी लोगों को खूब आकर्षित करती है।

#5

काडूपुल फूल 

काडूपुल फूल को अमूल्य फूल के नाम से भी जाना जाता है। इसकी खेती श्रीलंका में होती है। ये फूल इतना नाजुक होता है कि यह सिर्फ कुछ ही घंटों के लिए उगता है। इसके बाद यह मुरझा जाता है। यही वजह है कि श्रीलंका के लोग भी इस फूल को देख नहीं पाते हैं। ऐसे में इस फूल को खरीद पाना भी मुश्किल होता है।