Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: पैरा-पावरलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने सुधीर
सुधीर ने रचा पैरा लिफ्टिंग में इतिहास (तस्वीर: ट्विटर/@WasimJaffer14)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: पैरा-पावरलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने सुधीर

लेखन Neeraj Pandey
Aug 05, 2022
09:57 am

क्या है खबर?

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत को छठा गोल्ड मेडल मिला है। पैरा एथलीट सुधीर ने पैरा-पावरलिफ्टिंग में पुरुषों की हैवीवेट कैटेगिरी में गोल्ड जीता है। सुधीर ने 134.5 प्वाइंट हासिल करते हुए गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया है। उन्होंने पूरे इवेंट के दौरान बढ़त बनाए रखी। पहले प्रयास में ही उन्होंने 208 किलो का भार उठाया और फिर उन्होंने 212 किलो का भार उठाते हुए 134.5 प्वाइंट हासिल किए।

गोल्ड मेडल

दबदबे के साथ सुधीर ने जीता गोल्ड

208 किलो के साथ शानदार शुरुआत करने वाले सुधीर ने दूसरे प्रयास में 212 किलो का भार उठाने में सफलता पाई। तीसरे प्रयास में उन्होंने 217 किलो का भार उठाना चाहा, लेकिन सफल नहीं हो सके। हालांकि, 212 किलो के साथ ही उन्होंने 134.5 प्वाइंट हासिल कर लिए थे। नाइजीरिया के क्रिस्चियन ओबिचूक्वू ने 197 किलो का अपना बेस्ट भार उठाते हुए 133.6 प्वाइंट हासिल किए और सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

अन्य एथलीट

अन्य भारतीयों को नहीं मिली सफलता

पैरा लिफ्टिंग में सुधीर के अलावा तीन अन्य भारतीयों ने भी हिस्सा लिया था, लेकिन सबको निराशा झेलनी पड़ी। विमेंस लाइटवेट कैटेगिरी में मनप्रीत कौर और सकीना खातून ने हिस्सा लिया था। मनप्रीत चौथे और सकीना पांचवें स्थान पर रही थीं। मेंस लाइटवेट कैटेगिरी में परमजीत कुमार ने हिस्सा लिया और आखिरी स्थान पर रहे। परमजीत ने तीन प्रयास किए, लेकिन एक भी बार भार उठाने में सफल नहीं रहे।

मुरली श्रीशंकर

गुरुवार को श्रीशंकर ने भी हासिल की बड़ी उपलब्धि

पैरा गेम्स के अलावा भी भारत ने गुरुवार को सफलता हासिल की। मुरली श्रीशंकर ने लंबी कूद में सिल्वर मेडल जीता है। उन्होंने 8.08 मीटर की दूरी हासिल की जिसने उन्हें मेडल जिताया। राष्ट्रमंडल खेल में लंबी कूद में सिल्वर जीतने वाले श्रीशंकर पहले पुरुष भारतीय एथलीट बने हैं। उनसे पहले 1978 में सुरेश बाबू ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। लंबी कूद में मेडल की बात करें तो 2010 के बाद भारत पहली बार मेडल जीता है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत ने अब तक कुल 20 मेडल जीत लिए हैं, जिसमें छह गोल्ड शामिल हैं। भारत की झोली में अब तक सात सिल्वर और सात ब्रॉन्ज भी आए हैं। फिलहाल पदक तालिका में भारत सातवें स्थान पर है।