घोषित हुआ अंडर-19 विश्व कप का शेड्यूल, जानें कब-कब हैं भारत के मुकाबले
क्या है खबर?
अगले साल 14 जनवरी से वेस्टइंडीज में शुरू हो रहे 14वें अंडर-19 विश्व कप के शेड्यूल की घोषणा हो गई है। ऐसा पहली बार हो रहा है जब वेस्टइंडीज में अंडर-19 विश्व कप खेला जाएगा। 14 जनवरी से 05 फरवरी के बीच 16 टीमों के बीच 48 मुकाबले खेले जाएंगे।
एंटीगुआ और बारबुडा, गुयाना, सेंट किट्स एंड नेविस और त्रिनिदाद एंड टोबैगो में ये सारे मुकाबले खेले जाएंगे।
आइए जानते हैं कैसा है अंडर-19 विश्व कप का शेड्यूल।
जानकारी
इस तरह बांटे गए हैं चारो ग्रुप
ग्रुप A: बांग्लादेश, इंग्लैंड, कनाडा और यूनाइटेड अरब अमीरात। ग्रुप B: भारत, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, और युगांडा। ग्रुप C: अफगानिस्तान, पाकिस्तान, पापुआ न्यू गिनी, जिम्बाब्वे। ग्रुप D: ऑस्ट्रेलिया, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज।
शेड्यूल
ऐसा है पूरे टूर्नामेंट का कार्यक्रम
टूर्नामेंट में हर ग्रुप की दो टॉप टीमें सुपर लीग में पहुंचेंगी तो वहीं अन्य टीमें प्लेट में हिस्सा लेंगी। वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले मुकाबले के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। 14 से 22 जनवरी के बीच ग्रुप स्टेज के मैच खेले जाएंगे।
25 से 31 जनवरी के बीच प्लेट प्रतियोगिता होगी। 26 जनवरी से सुपर लीग की शुरुआत होगी। 01 और 02 फरवरी को सेमीफाइनल तो वहीं 05 फरवरी को फाइनल खेला जाना है।
भारत का शेड्यूल
ऐसा है भारत का शेड्यूल
भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 जनवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मुकाबले के साथ करेगा। इसके बाद 19 जनवरी को वे आयरलैंड के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला खेलेंगे।
22 जनवरी को युगांडा के खिलाफ भारत का तीसरा और आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला होना है। सुपर लीग में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को अपने इन तीन में से कम से कम दो मुकाबले जीतने होंगे।
बयान
अंडर-19 विश्व काफी स्पेशल टूर्नामेंट- ICC हेड ऑफ इवेंट्स
ICC के हेड ऑफ इवेंट्स क्रिस टेट्ले ने कहा कि अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप काफी शानदार और स्पेशल टूर्नामेंट है जो भविष्य के स्टार्स को सामने लाता है।
उन्होंने आगे कहा, "विराट कोहली, बाबर आजम, जो रूट और शिमरॉन हेटमायर जैसे कई स्टार खिलाड़ियों ने अंडर-19 विश्व कप में हिस्सा लिया है। अब हम देखना चाहते हैं कि 2022 संस्करण से हमें कितने स्टार्स मिलते हैं। हम काफी खुश हैं इस इवेंट को वेस्टइंडीज होस्ट कर रहा है।"
इतिहास
सबसे अधिक चार बार चैंपियन बना है भारत
अंडर-19 विश्व कप का पहला संस्करण 1988 में खेला गया था। भारत ने अब तक सबसे अधिक चार बार इस खिताब को अपने नाम किया है। ऑस्ट्रेलिया भी तीन बार अंडर-19 विश्व कप जीत चुका है। आखिरी बार 2018 में खेले गए अंडर-19 विश्व कप को भारतीय टीम ने ही जीता था
पाकिस्तान भी दो बार अंडर-19 विश्व कप विजेता रह चुका है। बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने भी एक-एक बार इस खिताब को अपने नाम किया है।