Page Loader
प्रियम गर्ग करेंगे अंडर-19 विश्व कप में भारत की कप्तानी, जानिए कौन हैं यह खिलाड़ी

प्रियम गर्ग करेंगे अंडर-19 विश्व कप में भारत की कप्तानी, जानिए कौन हैं यह खिलाड़ी

Dec 02, 2019
01:23 pm

क्या है खबर?

अगले साल जनवरी में होने वाले अंडर-19 विश्व कप के लिए BCCI ने भारत की अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है। उत्तर प्रदेश के प्रियम गर्ग दक्षिण अफ्रीका में खेले जाने वाले विश्व कप में भारतीय टीम के कप्तान होंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश के ही विकेटकीपर बल्लेबाज़ ध्रुव जुरैल को उप-कप्तान बनाया गया है। नेशनल क्रिकेट अकादमी के चीफ व पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ कई बार प्रियम की प्रशंसा कर चुके हैं। जानिए कौन हैं प्रियम गर्ग।

परियच

कौन हैं प्रियम गर्ग?

30 नवंबर, 2000 को उत्तर प्रदेश के मेरठ में जन्में प्रियम गर्ग को इसी साल इंग्लैंड में खेली गई अंडर-19 त्रिकोणीय सीरीज़ के लिए पहली बार भारतीय अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया था। प्रियम की कप्तानी में भारत ने इस सीरीज़ को अपने नाम किया था। प्रियम ने इस सीरीज़ में एक शतक के साथ 359 रन बनाए थे। इस सीरीज़ के बाद प्रियम ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा और एक के बाद एक कीर्तिमान स्थापित करते गए।

रिकॉर्ड

अंडर-14 और अंडर-16 में दो-दो दोहरे शतक लगा चुके हैं प्रियम

प्रियम एक मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। सात साल की उम्र में जब प्रियम ने अपने पिता से कहा कि वह क्रिकेटर बनना चाहते हैं, तो उनके पिता ने 'क्रिकेट अमीरों का खेल हैं' कहकर उन्हें खेलने से मना कर दिया था। इसके बाद प्रियम के मामा ने उन्हें मेरठ के विक्टोरिया स्टेडियम में कोचिंग दिलाई। यहां से प्रियम ने एक नई शुरुआत की। प्रियम के नाम अंडर-14 और अंडर-16 में दो-दो दोहरे शतक लगाने का रिकॉर्ड है।

खासियत

चार नंबर के बेहतरीन बल्लेबाज़ हैं प्रियम

पियम क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में चार नंबर के बेहतरीन बल्लेबाज़ हैं। सीधे हाथ के क्लासिकल बल्लेबाज़ प्रियम ज़रूरत पड़ने पर बड़े-बड़े शॉट्स भी खेल सकते हैं। प्रियम ने हाल ही में 2019-20 दिलीप ट्रॉफी में भी शानदार प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के बाद प्रियम 2019-20 देवधर ट्रॉफी के लिए इंडिया सी की टीम में चुने गए थे। 19 वर्षीय प्रियम गर्ग को रणजी ट्रॉफी के अगले सीज़न के लिए उत्तर प्रदेश टीम का कप्तान भी बनाया गया है।

करियर

प्रियम गर्ग का करियर

प्रियम मिडिल में बल्लेबाज़ी के साथ-साथ पारी की शुरुआत भी कर सकते हैं। प्रियम की खासियत है कि वह नई और पुरानी दोनों गेंद का डटकर सामना कर सकते हैं। अब तक 12 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैचों में प्रियम ने 66.69 की औसत से 867 रन बनाए हैं। साथ ही लिस्ट ए क्रिकेट के 15 मैचों में प्रियम के नाम 41.46 की औसत से 530 रन हैं। टी-20 क्रिकेट के 11 मैचों में प्रियम ने 227 रन बनाए हैं।

जानकारी

विश्व कप के लिए भारतीय अंडर-19 टीम

भारतीय अंडर-19 टीम- प्रियम गर्ग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (उप-कप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, दिव्यांश सक्सेना, शाश्वत रावत, दिव्यांश जोशी, शुभांग हेगडे, रवि बिश्वनोई, आकाश सिंह, कार्तिक त्यागी, अथर्व अंकोलकर, कुमार कुशाग्र (रिज़र्व विकेटकीपर), सुशांत मिश्रा और विद्याधर पाटिल।