LOADING...
गूगल भारत में लॉन्च करेगी डिजी कवच, ऑनलाइन स्कैम से बचाने में ऐसे करेगा मदद
गूगल ने ऑनलाइन फ्रॉड से लोगों को बचाने के लिए डिजी कवच की घोषणा की है

गूगल भारत में लॉन्च करेगी डिजी कवच, ऑनलाइन स्कैम से बचाने में ऐसे करेगा मदद

लेखन रजनीश
Oct 19, 2023
02:18 pm

क्या है खबर?

गूगल का गूगल फॉर इंडिया 2023 कार्यक्रम आज (19 अक्टूबर) को संपन्न हो गया। गूगल का यह कार्यक्रम भारत के लिए केंद्रित उसके विभिन्न उत्पादों और सेवाओं पर आधारित होता है। इस कार्यक्रम में गूगल ने 'डिजी कवच' को लॉन्च करने की घोषणा की। यह यूजर्स को ऑनलाइन सुरक्षित रखने और उन्हें पैसों की चोरी से जुड़े ऑनलाइन फ्रॉड से बचाने के लिए डिजाइन किया गया नया उत्पाद है।

इंडिया

भारत में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लॉन्च किया जा रहा है डिजी कवच

डिजी कवच को भारत में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लॉन्च किया जा रहा है। बाद में इसे दूसरे देशों में लागू किया जाएगा। गूगल APAC के उपाध्यक्ष और ट्रस्ट और सुरक्षा के प्रमुख सैकत मित्रा ने कहा कि यह कार्यक्रम इस चिंता से पैदा हुआ कि भारत के 1 अरब लोगों की ऑनलाइन सुरक्षा कैसे की जाए। उन्होंने कहा कि डिजी कवच को यूजर्स को सुरक्षित रखने के लिए सहयोगी कार्यक्रम के रूप में लॉन्च किया जा रहा है।

स्कैम

घोटालेबाजों पर रखेगा नजर

मित्रा ने बताया कि डिजी कवच में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के जरिए घोटालेबाजों के क्रियाकलापों पर नजर रखी जा रह है और यह पहचान की जा रही है कि वे कैसे काम करते हैं। इससे यह अनुमान लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्कैम करने वाले की रणनीति क्या है और उनकी अगली चाल क्या है। डिजी कवच का प्राथमिक उद्देश्य भारत में वित्तीय घोटालों को रोकना है।

Advertisement

सहयोग

डिजी कवच के लिए RBI और NCPI से की गई साझेदारी

गूगल ने सूचनाओं के पारदर्शी आदान-प्रदान की गारंटी देने और वित्तीय घोटालों के खिलाफ यूजर्स की सुरक्षा के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NCPI) दोनों के साथ काम कर रही है। RBI और NCPI के साथ गूगल के सहयोग ने पहले ही अच्छे नतीजे हासिल किए हैं। इन्होंने गूगल पे में 12,000 करोड़ रुपये के घोटाले रोके हैं। हालांकि, डिजी कवच की निर्धारित लॉन्च तिथि के बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है।

Advertisement

अन्य

गूगल फॉर इंडिया की अन्य बड़ी घोषणाएं

गूगल फॉर इंडिया कार्यक्रम के जरिए गूगल ने डिजी कवच के अलावा कई अन्य बड़ी घोषणाएं भी की हैं। गूगल ने स्टूडेंट्स के लिए क्रोमबुक उपलब्ध कराने के लिए HP के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इसके अलावा गूगल पे के जरिए छोटे व्यापारियों को लोन उपलब्ध कराने की सुविधा भी पेश की है। लोगों को गलत सूचनाओं से बचाने के लिए यूट्यूब में एक नए फीचर के साथ पिक्सल स्मार्टफोन के स्थानीय उत्पादन की घोषणा की गई है।

Advertisement