Page Loader
शनि ग्रह ने एक धूमकेतु को 10,800 किमी/घंटा की गति से सौरमंडल से फेंका बाहर
शनि ने एक धूमकेतु को सौरमंडल से फेंका बाहर (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्साबे)

शनि ग्रह ने एक धूमकेतु को 10,800 किमी/घंटा की गति से सौरमंडल से फेंका बाहर

Aug 02, 2024
04:27 pm

क्या है खबर?

अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने एक ऐसे धूमकेतु की खोज की है, जो शनि के संपर्क में आने के बाद सौरमंडल से बाहर चला गया। इस धूमकेतु को A117uUD नाम दिया गया गया है। इसे एस्ट्रोयड टेरेस्टेरियल इंपैक्ट लास्ट वार्निंग सिस्टम (ATLAS) द्वारा 14 जून, 2024 को खोजा गया था। यह धूमकेतु 2022 में सौरमंडल के दूसरे सबसे बड़े ग्रह शनि के संपर्क में आया था और उसने धूमकेतु को सौरमंडल से बाहर फेंक दिया।

 अध्ययन

वैज्ञानिकों ने अध्ययन में क्या पाया? 

अपने चमकीले और खास छल्लों के लिए प्रसिद्ध शनि के साथ मुलाकात ने धूमकेतु को एक अत्यधिक चपटी या अण्डाकार कक्षा में डाल दिया था, जिसके बाद सूर्य के प्रभाव से दूर अंतरिक्ष में कहीं फेंक दिया। धूमकेतु A117uUD लगभग 10,800 किमी/घंटा की गति से सौरमंडल से बाहर निकल गया। इतनी गति से फेंकने का पुख्ता कारण सामने नहीं आया है, हालांकि, टीम ने बताया है कि गुजरते हुए तारे या आकाशगंगा का ज्वार इसका कारण हो सकते हैं।

मामला

इससे पहले भी एक धूमकेतु के साथ हुआ था ऐसा

धूमकेतु A117uUD सौरमंडल का दूसरा धूमकेतु है, जिसे सौरमंडल से बाहर निकलते हुए देखा गया है। ऐसी घटना से जुड़ा पहला धूमकेतु C/1980 E1 (बोवेल) था, जिसे 9 दिसंबर, 1980 को बृहस्पति से मुठभेड़ के कारण सौरमंडल से बाहर निकलते देखा गया था। धूमकेतु के सौरमंडल से बाहर निकालने की ऐसी घटना 45 साल से भी कम समय में देखी गई, इसलिए वैज्ञानिकों का मानना है कि ऐसी घटनाएं अक्सर होती होंगी।