Page Loader
नग्न आंखों से दिखेगा धूमकेतु निशिमुरा, जानिये कब देख सके
धूमकेतु निशिमुरा को नग्न आंखों से भी देखना संभव होगा (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्साबे)

नग्न आंखों से दिखेगा धूमकेतु निशिमुरा, जानिये कब देख सके

Sep 05, 2023
12:34 pm

क्या है खबर?

खगोलीय घटनाओं में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह महीना काफी खास रहने वाला है, क्योंकि इस महीने एक धूमकेतु को नग्न आंखों से देखा जा सकेगा। रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त, 2023 में खोजा गया धूमकेतु निशिमुरा 12 सितंबर को भोर से कुछ समय पहले पृथ्वी के काफी करीब पहुंच जाएगा। इस दौरान धूमकेतु निशिमुरा को नग्न आंखों से भी देखना संभव होगा। यह किसी के जीवन में एक बार होने वाला अनुभव हो सकता है।

रफ्तार

इस रफ्तार से पृथ्वी की तरफ बढ़ रहा धूमकेतु निशिमुरा 

इंग्लैंड के हल विश्वविद्यालय में ईए मिल्ने सेंटर फॉर एस्ट्रोफिजिक्स के निदेशक प्रोफेसर ब्रैड गिब्सन ने पुष्टि की कि धूमकेतु पहले से ही दूरबीन के बिना दिखाई दे रहा है। यह वर्तमान में लगभग 3.86 लाख किलोमीटर प्रति घंटे की तेज गति से पृथ्वी की ओर बढ़ रहा है। यह 12 सितंबर को पृथ्वी से केवल 12 करोड़ किलोमीटर की दूरी पर होगा। उस समय इसे दूरबीन के बिना देखने का सबसे अच्छा अवसर मिलेगा।

न्यूजबाइट्स प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

निशिमुरा धूमकेतु का नाम जापानी खगोल फोटोग्राफर हिदेओ निशिमुरा के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने 11 अगस्त, 2023 को लॉन्ग-एक्सपोजर तस्वीरें खींचते समय इसकी खोज की थी। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह धूमकेतु हर साल दिसंबर में होने वाली उल्कापात (सिग्मा-हाइड्रिड्स) से जुड़ा हो सकता है। बता दें, जब धूमकेतु सूर्य के निकट से गुजरते हैं तो धूल और चट्टान के छोटे-छोटे कण भी छोड़ते हैं, जिससे उल्कापात होता है।