Page Loader
5G इस्तेमाल के आधार पर भारत शीर्ष 3 देशों में शामिल, नोकिया के CEO हुए मुरीद 
नोकिया CEO ने कहा- भारत वर्तमान में सबसे बड़े 5G उपयोगकर्ता में से एक है

5G इस्तेमाल के आधार पर भारत शीर्ष 3 देशों में शामिल, नोकिया के CEO हुए मुरीद 

लेखन रजनीश
Oct 06, 2023
01:04 pm

क्या है खबर?

बेंगलुरू में नोकिया की 6G रिसर्च लैब के उद्घाटन के दौरान नोकिया के अध्यक्ष और CEO पेक्का लुंडमार्क में भारत में 5G कनेक्टिविटी नेटवर्क के डेप्लॉयमेंट के बारे में बात की। उनके अनुसार, भारत वर्तमान में सबसे बड़े 5G उपयोगकर्ता में से एक है और यह सबसे बड़े 5G स्थापित बेस वाले शीर्ष 3 देशों में आता है। गौरतलब है कि यह उपलब्धि भारत में 5G तकनीक के विकास और उसे लागू करने की महत्वपूर्ण प्रगति को दिखाती है।

स्पीड

भारत की 5G डाउनलोड स्पीड है बेहतर

लुंडमार्क के मुताबिक, यह दूरसंचार के बुनियादी ढांचे को आगे बढ़ाने के लिए देश की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। भारत में 5G रोल आउट वास्तव में उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि यह अब तक के सबसे तेज टेलीकॉम नेटवर्क रोल आउट में से एक रहा है और भारत के पास बड़ा 5G बेस है। उनके मुताबिक, भारत में 5G डाउनलोड स्पीड कई अन्य उन्नत बाजारों में पाई जाने वाली स्पीड से आगे है।

मुनाफा

भारत के 5G रोल आउट से नोकिया को मुनाफा

प्रमुख देशों में टेलीकॉम गियर शिपमेंट में गिरावट के बावजूद भारत का 5G रोल-आउट एरिक्सन और नोकिया के कारोबार में गिरावट की भरपाई करने में सक्षम है। नोकिया ने 2023 की जून तिमाही में भारत में टेलीकॉम उपकरणों की बिक्री से 333 प्रतिशत की बढ़त के साथ लगभग 9,500 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की। एरिक्सन ने भी इसी अवधि में भारत सहित अन्य क्षेत्रों में बिक्री से 74 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो लगभग 10,700 करोड़ रुपये थी।

निवेश

जियो और एयरटेल कर सकती हैं इतना निवेश

JM फाइनेंशियल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस जियो और एयरटेल अपने नेटवर्क को मजबूत करने के लिए चालू वित्त वर्ष में लगभग 75,000 करोड़ रुपये का निवेश कर सकती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024 में जियो लगभग 42,000 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल लगभग 33,00 करोड़ रुपये का निवेश कर सकती है। हालांकि, उनकी घोषणा के अनुसार, 5G नेटवर्क रोल आउट लक्ष्य पूरा होने के बाद निवेश कम हो जाएगा।

लैब

नोकिया 6G लैब का उद्देश्य

नोकिया 6G लैब का उद्देश्य 6G तकनीक पर आधारित टेक्नोलॉजी और उनके विभिन्न प्रकार के उपयोग के विकास में तेजी लाना है। भारत ने 6G तकनीक पर पहले ही 200 से अधिक पेटेंट हासिल कर लिए हैं। लैब में 'सेंसर के रूप में नेटवर्क' तकनीक पर शोध करन के लिए एक सेटअप है। नोकिया ने एक बयान में कहा कि 6G युग में 'सेंसर के रूप में नेटवर्क' को एक प्रमुख सक्षम तकनीक के रूप में पहचाना गया है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

औसत 5G डाउनलोड स्पीड में 432.5Mbps के साथ दक्षिण कोरिया सबसे आगे और 301.24Mbps की औसत डाउनलोड स्पीड के साथ भारत छठवें नंबर पर है। भारत में अगस्त में 5G पर औसत डाउनलोड स्पीड 4G के मुकाबले 2,003 प्रतिशत अधिक तेज दर्ज की गई।