Page Loader
क्या योग करने से नुकसान भी हो सकते हैं?

क्या योग करने से नुकसान भी हो सकते हैं?

लेखन अंजली
Mar 10, 2020
11:54 am

क्या है खबर?

योग के नियमित अभ्यास से शारीरिक और मानसिक दोनों ही रूपों को स्वस्थ रखा जा सकता है। ये तो आप सभी जानते हैं कि नियमित और सही तरीके से योग करने से क्या-क्या लाभ होते हैं। लेकिन क्या आप यह जानते हैं कि योग नुकसानदेह भी हो सकता है? हैरान मत होइए! क्योंकि यह बात सच है कि योग करने से कई लोगों को फायदे के साथ नुकसान भी हो सकता है। आइए इन नकारात्मक प्रभावों के बारे में जानें।

#1

ज्यादा योगाभ्यास स्वास्थ्य के लिए है नुकसानदेह

अगर आप अपनी क्षमता से अधिक योगाभ्यास करने की कोशिश करते हैं तो इससे आपके शरीर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। दरअसल, अत्यधिक योगाभ्यास से शरीर में गर्मी उत्पन्न होती है, जिससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स और सोडियम का स्तर कम हो जाता है। अगर योग करने के बाद आपको चक्कर, थकान या अत्यधिक कमजोरी महसूस होती है तो ये संकेत इस बात की ओर इशारा करते हैं कि आप बहुत ज्यादा योग कर रहे हैं।

#2

नियमित योग से हो सकती है लकवा होने की समस्या

योगाभ्यास से शरीर की मांसपेशियों में खिंचाव आता है जो कई लोगों के शरीर के लिहाज से नुकसानदायक हो सकता है। दरअसल, योगाभ्यास करते समय जरुरत से ज्यादा शरीर की फ्लेक्सिबिलिटी के विरूद्ध जोर दिया जाए तो शरीर की मांसपेशियां ज्यादा खिंच जाती हैं, जिसके परिणामस्वरूप शरीर के उस हिस्से में दर्द शुरू हो जाता है। ऐसे में समय रहते अगर इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया जाए तो शरीर का वह हिस्सा लकवाग्रस्त होने की संभावना हो जाती है।

#3

योग करने से आ सकती हैं गंभीर चोट

योगाभ्यास करते समय चोट लगना शायद आपको आम लग रहा होगा। लेकिन योग के दौरान लगने वाली चोट आम नहीं होती, क्योंकि इसमें गर्दन , घुटने और कंधे की चोट शामिल हैं। योगाभ्यास के दौरान मांसपेशियों के फटने, हर्नियेटेड डिस्क और कार्पल टनल की परेशानी भी देखने को मिलती है। साथ ही कुछ योगासनों से हाथों पर अधिक बल पड़ता है, जिससे कलाई, कोहनी और कंधे को क्षति होने का खतरा बना रहता है।