Page Loader
महिला स्वास्थ्य: पीरियड्स के दर्द से परेशान हैं तो अपनाएँ ये घरेलू उपाय, होगा लाभ

महिला स्वास्थ्य: पीरियड्स के दर्द से परेशान हैं तो अपनाएँ ये घरेलू उपाय, होगा लाभ

Jun 23, 2019
09:15 pm

क्या है खबर?

पुरुषों के स्वास्थ्य के बारे में लोग खुलकर बात करते हैं, लेकिन जब बात महिलाओं के स्वास्थ्य की आती है, तो लोग इससे बचते हैं। महिलाओं के लिए पीरियड्स वाले पाँच दिन काफ़ी कष्टप्रद होते हैं। हालाँकि, अगर पीरियड्स समय पर न हो तो महिलाओं को कई अन्य समस्याओं से जूझना पड़ता है। पीरियड्स में महिलाओं को न केवल पेट में बल्कि पीठ में भी दर्द होता है। ऐसे में आज हम आपको इससे छुटकारा पाने के उपाय बताएँगे।

नुकसान

नियमित दवाइयों के सेवन से हो सकता है नुकसान

बता दें कि आजकल की अस्त-व्यस्त जीवनशैली की वजह से महिलाओं के पीरियड्स पर बुरा असर पड़ रहा है। पीरियड्स के दर्द से छुटकारा पाने के लिए बाज़ार में कई दवाइयाँ मौजूद हैं, लेकिन उनके नियमित सेवन से परेशानी हो सकती है। ऐसे में आज हम आपको कुछ प्राकृतिक और घरेलू उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप पीरियड्स के दर्द से छुटकारा पा सकती हैं।

#1, 2

गाजर का रस और पपीता

जिन महिलाओं को पीरियड्स के समय ज़्यादा दर्द होता है, उन्हें पूरे महीने गाजर का रस पीना चाहिए। इससे पीरियड्स में होने वाला दर्द कम होता है। इसके अलावा इससे शरीर में ख़ून की कमी भी नहीं होती है। पपीता पेट के लिए बहुत फ़ायदेमंद है। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो पीरियड्स के दिनों में काफ़ी मदद करते हैं। रोज़ाना पपीते का सेवन करने से पीरियड्स के समय शरीर को ताक़त मिलती है, जिससे दर्द का अहसास कम होगा।

जानकारी

तिल का सेवन

तिल के सेवन से शरीर को ताक़त मिलती है। एक गिलास पानी में पाँच ग्राम तिल डालकर तब तक उबालें, जब तक पानी आधा न हो जाए। इसका सेवन पीरियड्स शुरू होने तक करें। सर्दियों में इसका सेवन पीरियड्स के समय भी कर सकती हैं।

#4, 5

ठंडी चीज़ों से दूरी और हॉट वॉटर बैग

पीरियड्स के दिनों में दर्द से बचने के लिए कई चीज़ों से परहेज़ करने की ज़रूरत होती है। इन्ही में से एक है ठंडी चीज़ें। पीरियड्स के दिनों में ठंडी चीज़ों के सेवन से दूर रहें। उस समय ठंडा पानी, छाछ या आइसक्रीम न खाएँ। जिन लोगों को पीरियड्स के दौरान पाँचों दिन दर्द का सामना करना पड़ता है, उन्हें पेनकिलर भूलकर भी नहीं खाना चाहिए। दर्द से राहत पाने के लिए हॉट वॉटर बैग से पेट की सिकाई करें।

#6, 7

अदरक और तुलसी के पत्ते

पीरियड्स के दर्द को कम करने में अदरक अहम भूमिका निभाता है। जब भी पीरियड्स के समय आपको तेज़ दर्द महसूस हो आप अदरक के छोटे-छोटे टुकड़े करके पानी में उबालें और पीएँ। इससे दर्द में आराम मिलेगा। पीरियड्स के दिनों में अगर असहनीय दर्द का सामना करना पड़ रहा है, तो जब भी चाय बनाएँ, उसमें कुछ तुलसी के पत्ते डाल दें। इस चाय को पीने से पीरियड्स के दर्द से छुटकारा मिलता है।