मलाइका अरोड़ा नियमित रूप से करती हैं सूर्य नमस्कार, जानिए इस योगासन के फायदे
क्या है खबर?
मलाइका अरोड़ा बॉलीवुड की सबसे फिट अभिनेत्रियों में से एक हैं, जो नियमित रूप से एक्सरसाइज करती हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों के लिए अपने वर्कआउट के वीडियो साझा करती रहती हैं। मलाइका को कार्डिओ आदि से ज्यादा योग करना पसंद है और उनका पसंदीदा योगासन सूर्य नमस्कार है। उन्होंने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें वह इस आसन के अलग-अलग प्रकार कर रही हैं। आइए सूर्य नमस्कार के लाभ जानते हैं।
वीडियो
मलाइका वीडियो में करती नजर आईं ये आसन
मलाइका ने जो वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया, उसमें वह एक के बाद एक 12 आसनों का क्रम पूरा करती दिख रही हैं। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, "सूर्य नमस्कार सिर्फ एक शारीरिक अभ्यास नहीं है, यह एक पवित्र मंत्र है।" मलाइका प्रणामासन से शुरुआत करती हैं और उसके बाद हस्त उत्तानासन, पदहस्तासन, अश्व संचलनसान, दंडासन और अष्टांग नमस्कार करती हैं। इसके बाद वह भुजंगासन, पर्वतासन, अश्व संचलनसान, पदहस्तासन, हस्त उत्तानासन और प्रणामासन करती हैं।
#1
बेहतर होता है लचीलापन और बढ़ती है ताकत
सूर्य नमस्कार को एक्सरसाइज रूटीन का हिस्सा बनाने से मांसपेशियों की ताकत बढ़ जाती है। इसके योगासनों के दौरान जोड़ों और मांसपेशियों में खिंचाव आता है और वे मजबूत बनती हैं। अगर नियमित रूप से सूर्य नमस्कार किया जाए तो आपका शरीर ज्यादा लचीला बन सकता है और संपूर्ण स्वास्थ्य का समर्थन हो सकता है। साथ ही इससे पैर भी मजबूत हो जाते हैं और आप समन्वय सीख सकते हैं।
#2
वजन घटाने में मिलती है मदद
कई लोग सोचते हैं कि सूर्य नमस्कार करने से वजन घटाना संभव नहीं हो पाता है। हालांकि, हकीकत इसके बिलकुल उल्ट है। इस योगासन का नियमित अभ्यास करने से शरीर की अतिरिक्त चर्बी और कैलोरी को जलाया जा सकता है। साथ ही इससे चयापचय भी मजबूत होता है, जिससे वजन घटाने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। यही कारण है कि इस आसन को करने से आप पतले हो सकते हैं।
#3
हृदय स्वास्थ्य को होता है फायदा
सूर्य नमस्कार एक ऐसा योगासन है, जो हृदय स्वास्थ्य का भी समर्थन कर सकता है। इसके अभ्यास के दौरान रक्त संचार बेहतर हो जाता है, जो दिल के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। साथ ही इससे हृदय की मांसपेशियां भी मजबूत हो जाती हैं और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में भी मदद मिलती है। इससे दिल में ऑक्सीजन का संचार बेहतर हो जाता है और हृदय रोग का खतरा कम हो जाता है।