Page Loader
गर्भावस्था के दौरान ये बॉलीवुड अभिनेत्रियां ऐसे रखती थीं अपना ख्याल, जानिए पूरी दिनचर्या

गर्भावस्था के दौरान ये बॉलीवुड अभिनेत्रियां ऐसे रखती थीं अपना ख्याल, जानिए पूरी दिनचर्या

लेखन सयाली
Jun 20, 2025
01:40 pm

क्या है खबर?

गर्भावस्था हर महिला के जीवन का सबसे खास पड़ाव होता है, फिर चाहे वह कोई साधारण महिला हो या बॉलीवुड की अभिनेत्री हों। अभिनेत्रियों का वर्कआउट रूटीन और दिनचर्या तो ऐसे भी स्वस्थ ही रहती है। हालांकि, गर्भावस्था के दौरान वे अपने आपको और बच्चे को स्वस्थ रखने के लिए खास तरीके से खुद की देखभाल करती हैं। आइए दीपिका पादुकोण से लेकर करीना कपूर खान तक, 5 बॉलीवुड अभिनेत्रियों का गर्भावस्था वाला वेलनेस रूटीन जानते हैं।

#1

करीना कपूर खान

करीना कपूर खान गर्भावस्था के दौरान अपनी और अपने बच्चों की सेहत को दुरुस्त रखने के लिए नियमित एक्सरसाइज करती थीं। वह एक सख्त फिटनेस रूटीन का पालन करती थीं, जिसमें योग, पिलाटेज और हल्का कार्डिओ शामिल हुआ करता था। वह अपने प्रशिक्षक के बताए गए निर्देशों का पालन करते हुए स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी किया करती थीं। इस दौरान करीना की डाइट संतुलित हुआ करती थी और वह घी और सूप आदि जैसे सुपरफूड का सेवन किया करती थीं।

#2

दीपिका पादुकोण

दीपिका पादुकोण गर्भावस्था के दौरान अपनी योग प्रशिक्षक अंशुका परवानी द्वारा तैयार किया गया फिटनेस रूटीन अपनाती थीं। उनकी रोजाना की दिनचर्या में योग, सांस लेने वाले व्यायाम और ताकत बढ़ाने वाली एक्सरसाइज शामिल हुआ करती थी। दीपिका गर्भवती होने के बावजूद भी हेडस्टैंड करने के साथ ही योग के जटिल आसन भी कर लिया करती थीं। खान-पान के मामले में दीपिका कार्ब, प्रोटीन और फाइबर युक्त भोजन के साथ खूब पानी भी पीती थीं।

#3

अनुष्का शर्मा

अनुष्का शर्मा ने गर्भावस्था के दौरान अपना पुराना फिटनेस रूटीन बनाए रखा, जिसमें योग और हल्की एक्सरसाइज शामिल हुआ करती थी। उन्होंने कई ऐसे आसनों को जारी रखा था, जिन्हें वह गर्भावस्था से पहले किया करती थीं। हालांकि, डॉक्टर और योग प्रशिक्षक की मदद से उनमें बदलाव किए गए थे। वह आखिर के महीनों में ट्रेडमिल पर इनडोर जॉगिंग भी किया करती थीं। उनकी डाइट में सब्जियां, पौष्टिक अनाज, फल और मेवे जैसे शाकाहारी खाद्य पदार्थ शामिल हुआ करते थे।

#4

आलिया भट्ट

आलिया भट्ट की प्रशिक्षक यास्मीन ने उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक खास फिटनेस रूटीन तैयार किया था। इसमें पिलाटेज और कम तीव्रता वाली एक्सरसाइज शामिल हुआ करती थीं, जो गर्भावस्था के महीनों के मुताबिक बदलती रहती थीं। वह स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और कार्डियो किया करती थीं और योग के माध्यम से अपने मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखती थीं। आलिया खान-पान में पौष्टिक व्यंजन खाती थीं, जिनमें संपूर्ण खाद्य पदार्थों के साथ-साथ उनकी पसंदीदा चीजें भी शामिल थीं।

#5

सोनम कपूर 

सोनम कपूर ने गर्भावस्था के दौरान सख्त फिटनेस रूटीन बनाए रखा था, जिसमें मुख्य रूप से योग और पिलाटेज शामिल थे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गर्भावस्था के दौरान सक्रिय रहना जरूरी होता है, ताकि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रह सकें। सोनम ने इस दौरान संतुलित डाइट का भी पालन किया, जिसमें सब्जियां, फल और उच्च प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थ शामिल हुआ करते थे। उन्होंने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मदद लेकर अपना फिटनेस रूटीन तैयार करवाया था।