सोनी का 2 करोड़ की 'हनुमान अंश' पर बड़ा दांव, जानिए कितने करोड़ में बिकी फिल्म
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब फिल्म 'हनुमान अंश' OTT पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित ये फिल्म 27 नवंबर से सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी। सिनेमाघरों में रिलीज होने के साढ़े 3 महीने से भी अधिक समय बाद ये डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आ रही है। सोनी ने इसके राइट्स के लिए मोटी रकम अदा की है। इसके तुरंत बाद सोनी मैक्स पर इसका टीवी प्रीमियर भी होगा।
बंपर डील
63 करोड़ रुपये में सोनी ने खरीदी डिजिटल और टीवी राइट्स
'हनुमान अंश' सिनेमाघरों में धीमी रफ्तार के बाद धीरे-धीरे देशभर के दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाई। दर्शकों की जबरदस्त सकारात्मक प्रतिक्रिया ने इसे लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर टिकाए रखा, जिससे ये साल 2026 की सबसे बड़ी सफल फिल्मों में शुमार हो गई।
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, फिल्म के OTT और टीवी राइट्स 63 करोड़ रुपये में सोनी ने खरीदे हैं। इनमें डिजिटल और टेलीविजन दोनों के अधिकार शामिल हैं।
कारण
सोनी ने क्यों खर्च की इतनी मोटी रकम?
एक सूत्र ने बताया कि सोनी ने 'हनुमान अंश' के डिजिटल और टीवी राइट्स 63 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। उनके मुताबिक, ये बड़ी रकम है, लेकिन फिल्म भी छोटी नहीं है।
इसे बड़े शहरों से लेकर छोटे गांवों तक और सिंगल स्क्रीन से लेकर मल्टीप्लेक्स में दर्शकों का प्यार मिला। अब भी एक बड़ा वर्ग इसे देखना चाहता है, इसलिए सोनी को पूरा भरोसा है कि OTT और टीवी पर भी इस फिल्म को जबरदस्त दर्शक मिलेंगे।
जश्न
आध्यात्मिक अंदाज में मनेगा फिल्म की सफलता का जश्न
फिल्म की टीम मुंबई में एक भव्य सक्सेस पार्टी आयोजित करने की भी योजना बना रही है। हालांकि, ये जश्न बॉलीवुड की आम पार्टियों से बिल्कुल अलग होगा, क्योंकि निर्माता इसे फिल्म की आध्यात्मिक थीम के अनुरूप रखना चाहते हैं।
इस पार्टी में न तो शराब परोसी जाएगी और ना ही नॉन-वेज भोजन होगा। इसके बजाय मेहमानों को शुद्ध शाकाहारी और सात्विक भोजन परोसा जाएगा, ताकि ये जश्न फिल्म से जुड़ी भावनाओं और संस्कारों को दर्शा सके।
बजट और कमाई
डेढ़-दो करोड़ के बजट में बनी 'हनुमान अंश' का बड़ा धमाका
बता दें कि बॉक्स ऑफिस पर यश की 'टॉक्सिक' और 'मिर्जापुर: द मूवी' जैसी बड़ी फिल्मों से कड़ी टक्कर मिलने के बावजूद 'हनुमान अंश' ने सिनेमाघरों में दर्शकों को अपनी ओर खींचना जारी रखा।
इस फिल्म ने अपनी दमदार कहानी और दर्शकों के प्यार के दम पर शानदार प्रदर्शन किया।
महज डेढ़ से 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की जबरदस्त कमाई कर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।