Page Loader
हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर जा रहे हैं? देखना न भूलें यहां के प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर

हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर जा रहे हैं? देखना न भूलें यहां के प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर

लेखन सयाली
May 17, 2025
06:42 pm

क्या है खबर?

हिमाचल प्रदेश अपने खूबसूरत पहाड़ों और सांस्कृतिक धरोहर के लिए जाना जाता है। यहां आ कर आपको चारों तरफ हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता दिखेगी और सुकून का अनुभव होगा। यहां पर कई ऐसे मंदिर स्थित हैं, जो मन को शांति देते हैं और जीवन का सार समझने में मदद करते हैं। अगर आप भी अपने परिवार या दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर जा रहे हैं तो यहां के इन प्राचीन मंदिरों के दर्शन करना न भूलें।

#1

नैना देवी

बिलासपुर में बसा नैना देवी मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है, जिसे राजा बीर चंद ने 8वीं शताब्दी में बनाया था। मान्यताओं के अनुसार इसे उस स्थान पर बनाया गया है, जहां देवी सती की आंख गिरी थी। कहते हैं कि मंदिर के दर्शन करने और देवी को पीतल और तांबे की आखें चढ़ाने से आखों से संबंधित समस्याओं का उपचार हो जाता है। कई लोग बताते हैं कि नैना देवी की कृपा से उनका मोतियाबिंद ठीक हो गया।

#2

वशिष्ठ मंदिर

मनाली में एक प्राचीन मंदिर स्थित है, जिसे श्री वशिष्ठ मंदिर के नाम से जाना जाता है। यह शहर से लगभग 3 किमी दूर बसा हुआ है और यह ऋषि वशिष्ठ को समर्पित है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी स्थान पर बैठकर ऋषि वशिष्ठ ने सदियों पहले तपस्या की थी। यह स्थान अपने प्राकृतिक गर्म पानी के चश्मे के लिए मशहूर है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने आते हैं।

#3

हिडिंबा देवी मंदिर

मनाली का सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है हिडिंबा देवी मंदिर, जो प्राचीन काल से यहां बसा हुआ है। यह मंदिर भीम की पत्नी हिडिंबा देवी को समर्पित है, जिन्हें मनाली की कुलदेवी माना जाता है। पौराणिक कथाओं की मानें तो हिडिंबा देवी ने इस स्थान पर ध्यान और तपस्या की थी। लोग इस नक्काशीदार मंदिर की वास्तुकला की ओर आकर्षित होते हैं और इसके दर्शन करने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।

#4

जाखू मंदिर

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की जाखू पहाड़ी पर एक प्राचीन मंदिर विराजमान है, जिसे जाखू मंदिर के नाम से जाना जाता है। यह मंदिर हनुमान जी को समर्पित है और 8500 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां हनुमान जी की एक बड़ी-सी प्रतिमा लगाई गई है, जो इस स्थान का मुख्य आकर्षण है। जाखू मंदिर धार्मिक स्थल होने के साथ-साथ ट्रेकिंग के लिए भी एक मशहूर स्थान है।