LOADING...
बारिश-ओलावृष्टि से फिर लौटी सर्दी, जानिए कब तक रहेगा ऐसा मौसम 
राजस्थान के कई इलाकों में ओलावृष्टि से मौसम बदल गया है (तस्वीर: एक्स/@Gujarat_weather)

बारिश-ओलावृष्टि से फिर लौटी सर्दी, जानिए कब तक रहेगा ऐसा मौसम 

Mar 02, 2025
09:17 am

क्या है खबर?

पहाड़ी राज्यों में हो रही भारी बर्फबारी और बारिश के चलते माैसम ने उत्तर भारत में एक बार फिर करवट ली है। पछुआ हवाओं के कारण मौसम सर्द हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने आज (2 मार्च) हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश होने की संभावना जताई है और कुछ राज्यों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। दूसरी तरफ तमिलनाडु में शनिवार से बारिश का सिलसिला जारी है और आज भी ऐसा ही मौसम रहेगा।

बर्फबारी 

फिर कब होगी भारी बर्फबारी?

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश से हुए भूस्खलन के बाद जनजीवन प्रभावित हुआ है। IMD के अनुसार, सोमवार को हल्की बारिश और हिमपात होने की संभावना है। इसके बाद 4 और 5 मार्च को भारी बर्फबारी-बारिश देखने को मिलेगी। उत्तराखंड़ में 2 दिनों में हुई बारिश ने फरवरी का 64 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कश्मीर में बर्फबारी के चलते 10वीं से 12वीं तक की 1 और 3 मार्च को होने वाली परीक्षाओं को टाल दिया है।

ट्विटर पोस्ट

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बाद खुला मौसम 

राहत 

दिल्ली के लोगों को गर्मी से मिली राहत 

दिल्ली में आज धुंध छाने का अनुमान है। इसके साथ कुछ इलाकों में बादल भी छाए रह सकते हैं और ठुठरन पैदा करने वाली हवाएं चलने की उम्मीद है। राजधानी में शनिवार को हुई बारिश के चलते मौसम का मिजाज बदल गया। गर्मी और वायु प्रदूषण से दिल्ली वालों को राहत मिली है। रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके बाद अगले 5 दिनों के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव रह सकता है।

नुकसान 

ओलावृष्टि से फसलों को हुआ नुकसान

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और ओलावृष्टि से सर्दी लौट आई है। शनिवार को अलवर, भरतपुर, झुंझुनूं और तिजारा ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश के साथ ओले गिरने की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में पहाड़ी इलाकों में बर्फवारी और उत्तरी हवाओं के असर से आने वाले 4 दिनों तक तापमान नहीं बढ़ेगा। इसके बाद 8 मार्च से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

बदलाव 

अगले 48 घंटों में फिर बदलेगा मौसम 

उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओले गिरने से सर्दी का असर देखने को मिला है। आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की तैयारी में है, जो उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके 48 घंटों के बाद तेज उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएं चलने की संभावना है। बिहार में 2 और 3 मार्च को 10 जिलों में बारिश हो सकती है।