Page Loader
बसंत के मौसम में करें इन खूबसूरत स्थानों का रुख, यहां खिलते हैं कई खुशबूदार फूल 

बसंत के मौसम में करें इन खूबसूरत स्थानों का रुख, यहां खिलते हैं कई खुशबूदार फूल 

लेखन सयाली
Feb 16, 2025
04:47 pm

क्या है खबर?

फरवरी बस खत्म ही होने वाला है, जो सर्दियों को अलविदा कहने और बसंत का स्वागत करने का समय होता है। इस मौसम के दौरान न तो ज्यादा ठंड होती है और न ही ज्यादा गर्मी, इसलिए यह घूमने के लिए आदर्श समय है। बसंत में चारों तरफ सुंदर-सुंदर रंगों वाले खुशबूदार फूल खिलते हैं, जिनका नजारा मन को मोह लेता है। आप इस मौसम में भारत की इन 5 खूबसूरत जगहों की यात्रा पर जा सकते हैं।

#1

फूलों की घाटी

बसंत के मौसम में आपकी सूची में उत्तराखंड की फूलों की घाटी जरूर शामिल होनी चाहिए। यह चमोली जिले में स्थित है और अपने रंग-बिरंगे फूलों और हरे-भरे मैदानों के लिए जानी जाती है। यह हिमालयी घाटी बसंत के दौरान रंगों की चादर से ढक जाती है, जिसे देखना एक यादगार अनुभव हो सकता है। गुलबहार, आर्किड और पॉपी जैसे जंगली फूलों की सैकड़ों प्रजातियों से भरे घास के मैदानों को देखना किसी सपने जैसा लगता है।

#2

श्रीनगर

धरती का स्वर्ग कहलाए जाने वाले कश्मीर का नजारा बसंत के दौरान देखते ही बनता है। इस दौरान यह स्थान बर्फीले पहाड़ों और रंग-बिरंगे फूलों से सजा हुआ दिखाई देता है। यहां का खूबसूरत शहर श्रीनगर अपने ट्यूलिप बगीचे के लिए दुनियाभर में मशहूर है। इसका नाम इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन है, जहां इस फूल की 60 से भी अधिक प्रजातियां देखने को मिलती हैं। यह बगीचा मार्च से लेकर अप्रैल तक पर्यटकों के लिए खुला रहता है।

#3

कास पठार

महाराष्ट्र के सतारा जिले में स्थित कास पठार एक अनोखा प्राकृतिक स्थल है। इसे 'फूलों की घाटी' भी कहा जाता है। यह घाटी 850 प्रजातियों के खूबसूरत और रंग-बिरंगे फूलों से भर जाती है, जो पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यह पठार कर्वी झाड़ी जैसे कई दुर्लभ फूलों का भी घर है, जो 8 साल में केवल एक बार खिलती है। यह क्षेत्र यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, जो इसकी प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को दर्शाता है।

#4

युमथांग घाटी

'पूर्व की फूलों की घाटी' के नाम से मशहूर युमथांग घाटी बसंत के दौरान किसी पारी लोक की तरह दिखती है। यह घाटी सिक्किम में स्थित है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। इस स्थान पर आ कर आप रोडोडेंड्रोन, प्रिमुला और खसखस जैसे फूलों से भरी पहाड़ियां देख सकते हैं। फूलों के शौकीनों को यहां स्थित शिंगबा रोडोडेंड्रोन अभयारण्य जरूर जाना चाहिए, यह 24 किस्म के रोडोडेंड्रोन का घर है।

#5

जुकू घाटी

नागालैंड और मणिपुर की सीमा पर बसी हुई जुकू घाटी प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग के सामान होती है। अपनी विदेशी लिली और जंगली फूलों के लिए जानी जाने वाली यह घाटी बसंत के दौरान जादू नगरी में बदल जाती है। यहां तक पहुंचने के लिए आपको एक कठिन ट्रेक करना पड़ सकता है, लेकिन सुंदर फूलों से ढकी पहाड़ियों का नजारा सारी मेहनत सफल कर देगा। जुलाई के पहले 2 सप्ताह में यहां सबसे ज्यादा फूल खिलते हैं।