Page Loader
पहाड़ों पर आज भूस्खलन के साथ होगी भारी बर्फबारी, गर्मी को लेकर भी आया अलर्ट 
पहाड़ी राज्यों में आज बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है (तस्वीर: एक्स/@shubhamtorres09)

पहाड़ों पर आज भूस्खलन के साथ होगी भारी बर्फबारी, गर्मी को लेकर भी आया अलर्ट 

Mar 04, 2025
09:03 am

क्या है खबर?

पहाड़ी राज्यों में हो रही बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखा जा रहा है। इसके चलते उत्तर से चलने वाली तेज हवाओं के कारण मौसम सर्द हो गया है। इस कारण कई जगह लोगाें को फिर से रजाइयां निकालने की जरूरत पड़ गई है। इस सप्ताह के अंत तक तापमान में इजाफा होने का अनुमान लगाया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

चेतावनी 

इन राज्यों में होगी भारी बर्फबारी 

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी पीछा नहीं छोड़ रही है, जिससे यहां सर्दी का असर बरकरार है। आज भी मौसम विभाग ने उत्तर पाकिस्तान, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भूस्खलन और मिट्टी धंसने की आशंका बनी हुई है। इससे यहां से आने वाली सर्द हवाओं से उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।

गिरावट

बर्फबारी से इन राज्यों के तापमान में आई गिरावट

पिछले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी देखने को मिली। इससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दक्षिणी राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र के मुंबई, नागपुर, अकोला, सांगली, कोल्हापुर समेत कई जिलों में तेज नम हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज हुई। होली तक दक्षिणी राज्यों समेत गुजरात, महाराष्ट्र में तापमान तेजी के साथ बढ़ेगा।

ट्विटर पोस्ट

हिमाचल प्रदेश में 3 मार्च को हुई बर्फबारी का नजारा 

बढ़ोतरी 

राजधानी में तेजी से बढ़ेगा तापमान 

IMD के अनुसार, दिल्ली NCR में आज मौसम साफ रहेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 5 मार्च को तेज सर्द हवा चल सकती हैं, जिसकी रफ्तार करीब 30 किमी/घंटा होगी। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। ठंड़ी हवाओं के प्रभाव से हल्की धुंध भी नजर आने की संभावना बनी हुई है। आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रह सकता है। इसके बाद तापमान 30 डिग्री के पार जा सकता है।