
मुंबई: कोरोना के दैनिक मामलों में 17 मई के बाद से अब तक 1,000 प्रतिशत इजाफा
क्या है खबर?
देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में 17 मई के बाद 1,000 प्रतिशत यानि 10 गुना से अधिक उछाल आया है।
17 मई को शहर में 158 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था, वहीं शनिवार को 1,745 लोगों को संक्रमित पाया गया जो 17 मई के मुकाबले 1,000 प्रतिशत अधिक हैं।
मामलों में इस वृद्धि को देखते हुए शहर में चौथी लहर आने की आशंका जताई जा रही है।
सक्रिय मामले
सक्रिय मामलों में भी 978 प्रतिशत का इजाफा
17 मई को मुंबई में कोरोना के 932 सक्रिय मामले थे और ये आखिरी ऐसा दिन था जब शहर में 1,000 से कम सक्रिय मामले थे।
अभी शहर में 10,047 सक्रिय मामले हैं जो 17 मई के मुकाबले 978 प्रतिशत अधिक हैं। यही नहीं, शहर में पिछले पांच महीने में पहली बार सक्रिय मामले 10,000 से अधिक हुए हैं।
आखिरी बार जनवरी में आई तीसरी लहर के दौरान सक्रिय मामले 10,000 से अधिक हुए थे।
जानकारी
मामलों के दोगुने होने की दर भी बढ़ी
मुंबई में कोरोना वायरस के मामलों के दोगुने होने की दर भी बढ़ी है। 17 मई के बाद से शहर में 17,000 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं और मामले दोगुने होने की दर 5,449 से घटकर 561 दिन पर आ गई है।
मुंबई
मुंबई में मामलों में वृद्धि का असर महाराष्ट्र और देश पर भी
मुंबई में मामलों में वृद्धि का असर महाराष्ट्र और देश के कुल मामलों पर भी देखने को मिल रहा है।
शनिवार को मुंबई में 1,745 नए मामले सामने आए जो महाराष्ट्र के दैनिक मामलों (2,922) के लगभग 59 प्रतिशत रहे।
इसी तरह यह राष्ट्रीय स्तर पर आए मामलों के 20 प्रतिशत रहे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से राष्ट्रीय स्तर के मामलों में मुंबई की हिस्सेदारी 18 से 24 प्रतिशत बनी हुई है।
कोरोना वायरस
देश में महामारी की क्या स्थिति?
भारत में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में लगातार बढ़ोतरी जारी है।
देश में बीते दिन 8,582 नए मामले सामने आए और चार लोगों की मौत हुई। यह लगातार दूसरा दिन है, जब लंबे समय बाद दैनिक मामले 8,000 से ज्यादा रहे हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,32,22,017 हो गई है। इनमें से 5,24,761 मरीजों की मौत हुई है।
सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 44,513 हो गई है।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 79,07,631 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,47,868 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में बीते रविवार तक 65,69,058 लोगों को संक्रमित पाया गया था और 69,803 मौतें हुई थीं।
39,55,871 मामलों और 40,066 मौतों के साथ कर्नाटक और 34,57,133 मामलों और 38,025 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।