Page Loader
कोरोना: अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत में भी मृतकों की संख्या 5 लाख पार
भारत में कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5 लाख पार

कोरोना: अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत में भी मृतकों की संख्या 5 लाख पार

Feb 04, 2022
10:45 am

क्या है खबर?

भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या आधिकारिक तौर पर पांच लाख से अधिक हो चुकी है। अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत तीसरा ऐसे देश है, जहां महामारी के चलते पांच लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है। हालांकि, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि भारत में संक्रमण के कारण मरने वाले लोगों की संख्या कई गुना अधिक है और सरकार असली आंकड़े छिपा रही है।

कोरोना संक्रमण

12 मार्च, 2020 को हुई थी पहली मौत

भारत में कोरोना के कारण पहली मौत 12, मार्च 2020 को दर्ज हुई थी। इसके 204 दिन बाद 2 अक्टूबर, 2020 को मरने वालों का आंकड़ा एक लाख पार पहुंचा था। इसे दोगुना होने में 207 दिन लगे और 27 अप्रैल, 2021 तक भारत में दो लाख मौतें हो चुकी थीं। इसके महज 26 दिन बाद यानी 23 मई, 2021 तक तीन लाख और इसके 39 दिन बाद यानी 1 जुलाई, 2021 को मृतकों का आंकड़ा चार लाख पहुंच गया।

कोरोना संकट

217 दिनों में चार से पांच लाख पहुंचा मृतकों का आंकड़ा

महामारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या को चार से पांच लाख तक पहुंचने में 217 दिनों का समय लगा है। इस एक लाख के आंकड़े को पार करने में सबसे अधिक समय लगा है। इसी दौरान वैक्सीनेशन अभियान की कवरेज बढ़ी है। कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट के कारण आई दूसरी लहर के दौरान मौतों की संख्या तेजी से बढ़ी थी, लेकिन उसके बाद हालात बेहतर हुई और मरने वालों की संख्या कम होती गई।

ओमिक्रॉन वेरिएंट

तीसरी लहर में बढ़ रही मौतें

पिछले साल दिसंबर तक मौतों की संख्या घट रही थी, लेकिन उसके बाद ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण आई लहर में यह संख्या फिर बढ़ने लगी है। गुरुवार तक साप्ताहिक आधार पर रोजाना औसतन 600 मौतें हो रही हैं। हालांकि, इस लहर में दैनिक औसतन मौतों की संख्या पहली दो लहरों से काफी कम रही है। पहली लहर के दौरान रोजाना औसतन 1,176 और दूसरी लहर में करीब 4,000 मौतें दर्ज हुई थीं।

राहत

इस लहर में मृत्यु दर पहली लहरों से कम

तीसरी लहर में दैनिक मामले अपनी पीक पार कर चुके हैं, लेकिन मौतें अभी बढ़ रही हैं और पीक पर नहीं पहुंची थी। फिर भी इस लहर में मृत्यु दर (0.16 प्रतिशत) पहली दो लहरों से कम है। पहली लहर में मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत और दूसरी लहर में 1.36 प्रतिशत थी। इसकी वजह वैक्सीनेशन की बढ़ती कवरेज और ओमिक्रॉन का पहले वेरिएंट्स की तुलना में कमजोर होना माना जा रहा है।

कोरोना वायरस

देश में संक्रमण की क्या स्थिति?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,49,394 नए मामले सामने आए और 1,072 मरीजों की मौत हुई। इनमें पुरानी मौतें भी शामिल हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,19,52,712 हो गई है। इनमें से 5,00,055 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या लगातार 10वें दिन कम होकर 14,35,569 हो गई है। ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण देश तीसरी लहर का सामना कर रहा है।

कोरोना संकट

दुनियाभर में 57 लाख मौतें

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक 38.76 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 57.10 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 8.96 लाख लोगों ने अपनी जान गंवाई हैं। मृतकों की संख्या के मामले में ब्राजील दूसरे स्थान पर है और यहां 6.30 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। 3.26 लाख मौतों के साथ रूस चौथे और 3.07 लाख मौतों के साथ मेक्सिको पांचवें स्थान पर है।