कोरोना: देश में बीते दिन मिले 14,545 नए मरीज, महाराष्ट्र में कुल मामले 20 लाख पार
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 14,545 नए मामले सामने आए और 163 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,06,25,428 हो गई है। इनमें से 1,53,032 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,88,688 हो गई है। सितंबर मध्य में सक्रिय मामलों की संख्या 10 लाख से अधिक थी।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 18,000 से ज्यादा मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 18,002 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,02,83,708 हो गई है। देश की रिकवरी 96.78 प्रतिशत हो गई है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 8,00,242 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 19.01 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
सर्वाधिक प्रभावित राज्य
महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 20 लाख पार
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 20,00,878 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 50,634 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 9,34,252 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 12,187 लोगों की मौत हुई है।
8,86,557 मामलों और 7,142 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 8,69,827 मामलों और 3,545 मौतों के साथ केरल अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले
केरल में कम नहीं हो रही संक्रमण की रफ्तार
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 2,886 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 52 मरीजों की मौत हुई। राज्य में स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है और नए मामले कम हो रहे हैं।
इसी तरह आंध्र प्रदेश में 139 नए मामले सामने आए, लेकिन यहां एक भी मौत नहीं हुई। राज्य में कुछ दिनों से रोजाना 300 से कम मामले आ रहे हैं।
वहीं कर्नाटक में 674 और केरल में 6,229 लोगों को संक्रमित पाया गया।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 9.74 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 9.74 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 20.88 लाख की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.46 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 4.10 लाख लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में केवल अमेरिका भारत से आगे है।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 86.97 लाख संक्रमितों में से लगभग 2.14 लाख से अधिक मरीजों की मौत हुई है।