कोरोना वायरस: सरकार ने बदली होम आइसोलेशन की गाइडलाइंस, कैंसर-HIV मरीजों का अस्पताल में होगा इलाज
क्या है खबर?
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में प्रतिदिन रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ज्यादातद मरीजों में इसके लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं।
ऐसे में उनका होम आइसोलेशन में रखकर इलाज किया जा रहा था। अब ऐसे मामलों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने होम आइसोलशन के नियमों में बदलाव कर दिया है और शुक्रवार को इसकी नई गाइडलाइंस जारी कर दी हैं।
बदलाव
अब 17 की जगह 10 दिन में ही मिलेगी होम आइसोलेशन से छुट्टी
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी की गई नई गाइडलाइंस के अनुसार अब होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को लगातार तीन दिन तक बुखार नहीं आने पर 10 दिन में ही घर से बाहर निकलने की इजाजत दे दी जाएगी।
पूर्व में होम आइसोलेशन के तहत मरीज को 17 दिन घर रहना पड़ता था। इसमें मरीज के लगतार 10 दिन बुखार नहीं होने की बाध्यता थी, लेकिन अब सरकार ने बढ़ते मामलों को देखते हुए इसे बदल दिया है।
जानकारी
सात दिन तक परिवार के सदस्यों से रहना होगा अलग
स्वास्थ्य मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को सात दिन तक घर वालों से पूरी तरह से अलग-थलग रहना होगा। इसके अलावा उनके संपर्क में आए सभी लोगों को होम क्वारंटाइन का पालन करना होगा।
उपचार
कैंसर और HIV संक्रमित मरीजों का अस्पताल में ही होगा इलाज
नई गाइडलाइंस के अनुसार अब देशभर में कैंसर और HIV संक्रमित और प्रत्यारोपण प्राप्तकर्ता कोरोना संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन के पात्र नहीं होंगे। इन मरीजों का किसी भी सूरत में अस्पताल में ही इलाज किया जाएगा।
इसी तरह 60 साल से अधिक उम्र और डायबिटीज, हाइपरटेंशन, किडनी, फेफड़ों से सबंधित गंभीर बीमारी वाले मरीजों को मेडिकल ऑफिसर के उचित मूल्यांकन के आधार पर ही होम आइसोलेशन की छूट दी जाएगी।
निगरानी
होम आइसोलेशन वाले मरीजों को करनी होगी खुद की निगरानी
नई गाइडलाइंस के अनुसार अब होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के लिए नए लक्षण और तय किए गए हैं और उन्हें इनकी निगरानी करनी होगी।
इसके अनुसार यदि मरीज को सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, मानसिक उत्तेजना, होठ या चेहरा का नीला पड़ना और बोलने में समस्या आती है तो उसे तत्काल डॉक्टर को इसकी जानकारी देनी होगी। जांच के बाद ही डॉक्टर उसके आगे के इलाज की स्थिति के बारे में बताएंगे।
जानकारी
आरोग्य सेतु ऐप रखना होगा अनिवार्य
नई गाइडलाइंस के अनुसार होम आइसोलेशन में रहने वाले सभी मरीजों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु ऐप का डाउनलोड होना आवश्यक होगा। इसके अलावा मरीज को उसे 24 घंटे चालू रखना होगा। ऐसा नहीं करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
केयर गिवर
मरीजों की निगरानी के लिए रखना होगा केयर गिवर
नई गाइडलाइंस के अनुसार होम आइसोलेशन में रहने वाले सभी मरीजों को 24 घंटे देखभाल के लिए एक केयर गिवर रखना होगा।
केयर गिवर मरीज के स्वास्थ्य के बारे में अस्पताल और मरीज के बीच एक सेतु के रूप में काम करेगा।
केयर गिवर को चिकित्सक के परामर्श के आधार पर तय प्रोटोकॉल के तहत हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन की खुराक लेनी होगी। केयर गिवर प्रतिदिन अस्पताल प्रशासन को मरीज के स्वास्थ्य की जानकारी देगा।
निर्देश
मरीजों को अन्य निर्देशों का भी करना होगा पालन
स्वास्थ्य मंत्रालय ने होम आइसोलेशन के नियमों में बदलाव करने के साथ मरीजों के लिए अगल से भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इनके अनुसार मरीजों को हर समय ट्रिपल लेयर मास्क पहनना होगा और इस मास्क को हर 8 घंटे में बदलना होगा। अगर मास्क गीला हो जाता है तो इसे तुरंत बदलना होगा।
एक बार पहने हुए मास्क को दोबारा प्रयोग में नहीं लाया जाएगा। मरीज को एक कमरे में ही रहना होगा बाहर नहीं निकलना होगा।
संक्रमण
भारत में यह है कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति
भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 20,903 नए मामले सामने आए और 379 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
ये अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं और ये पहली बार है जब एक दिन में 20,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं।
इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 6,25,544 हो गई है, वहीं 18,213 की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या 2,27,439 है।