ग्लोबल हंगर इंडेक्स में फिर फिसला भारत, 121 देशों में 107वें स्थान पर रहा
क्या है खबर?
ग्लोबल हंगर इंडेक्स (GHI) में भारत एक बार फिर फिसल गया है। हाल ही में जारी रैंकिंग में भारत को 121 देशों में से 107वां स्थान मिला है, जबकि पिछले साल भारत इस रैंकिंग में 101वें स्थान पर था।
भारत इस इंडेक्स में अफगानिस्तान को छोड़ दें तो सभी दक्षिण एशियाई देशों से पीछे रहा है। भारत को इस साल 29.1 स्कोर मिला है और यहां भूख की स्थिति को गंभीर बताया गया है।
जानकारी
ग्लोबल हंगर इंडेक्स क्या है?
वैश्विक स्तर पर भूख का आकलन करने के लिए हर साल एक रिपोर्ट जारी की जाती है।
इसे आयरलैंड की गैर लाभकारी संस्था कंसर्न वर्ल्डवाइड और बर्लिन स्थित वेल्ट हंगर हिल्फे जारी करती है।
2018 में इस रिपोर्ट में 119, 2019 में 117, 2020 में 107 और पिछले साल 116 देश शामिल किए गए थे।
इसमें जिन देशों का स्कोर नीचे रहता है उनको ऊंची रैंकिंग मिलती हैं और ऊंचे स्कोर वाले देशों को निचली रैंकिंग पर रखा जाता है।
GHI
पड़ोसी देशों की क्या स्थिति?
इस साल GHI में पाकिस्तान को 99वें, श्रीलंका को 64वें, बांग्लादेश को 84वें, नेपाल को 81वें और म्यांमार को 71वें स्थान पर रखा गया है। ये सभी देश रैंकिंग में भारत से ऊपर हैं। वहीं 17 ऐसे देश हैं, जिन्हें इसमें पांच से कम स्कोर मिला है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इस इंडेक्स के लिए संयुक्त राष्ट्र, यूनिसेफ, विश्व बैंक, फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन (FAO) आदि संस्थाओं से आंकड़े जुटा गए हैं।
GHI
ये देश हैं भारत से पीछे
रैंकिंग में जांबिया, अफगानिस्तान, तिमोर-लेस्ते, गुनिया-बिसाउ, सिएरा लियोन, लेसोथो, लाइबेरिया, नाइजर, हैती, चाड, कॉन्गो, मेडागास्कर, सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक और यमन को भारत से पीछे जगह मिली है।
वहीं गिनिया, मोजांबिक, यूगांडा, जिम्बाबवे, बुरुंडी, सोमालिया, दक्षिण सूडान और सीरिया को आंकड़ों की कमी के चलते इस इंडेक्स में शामिल नहीं किया जा सका है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि कोरोना वायरस महामारी, यूक्रेन युद्ध और जलवायु परिवर्तन जैसे कारकों से भारत और दक्षिण एशियाई देशों में कुपोषण बढ़ा है।
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
इन आधारों पर तय होता है GHI स्कोर
GHI स्कोर अंडरनरिशमेंट, चाइल्ड वेस्टिंग, चाइल्ड स्टंटिंग और चाइल्ड मोरटेलिटी समेत चार संकेतकों के आधार पर तय होता है।
चाइल्ड वेस्टिंग का मतलब पांच साल से कम उम्र के बच्चे, जिनका वजन उनकी ऊंचाई के हिसाब से कम है और यह तीव्र कुपोषण को दर्शाता है।
वहीं चाइल्ड स्टंटिंग पांच साल से कम उम्र के बच्चे, जिनकी उम्र के हिसाब से लंबाई कम है और यह लंबे समय से कुपोषण को दर्शाता है।
जानकारी
विपक्ष ने साधा सरकार पर निशाना
GHI की रिपोर्ट सामने आने के बाद विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है।
पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा कि 2014 में मोदी सरकार आने के बाद से भारत का स्कोर लगातार खराब हुआ है। हिंदुत्व, हिंदी को थोपना और नफरत फैलाना भूख को नहीं रोक सकते।
वहीं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि खाना मुहैया कराने में 106 देश भारत से बेहतर हैं।