मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार 18 फरवरी को होंगे सेवानिवृत्त, जल्द भरा जाएगा पद- रिपोर्ट
क्या है खबर?
चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार 18 फरवरी को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इसको देखते हुए सरकार ने नए CEC की नियुक्ति की तैयारी शुरू कर दी है।
नए CEC ही इस साल के अंत में बिहार में होने वाले विधानसभा चुनावों की देखरेख करेंगे और संभवतः 2026 में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और केरल में होने वाले चुनाव भी करवाएंगे।
बता दें कि राजीव कुमार ने मई 2022 में यह पद संभाला था।
बैठक
नए CEC की नियुक्ति के लिए 17 फरवरी को होगी बैठक
NDTV के अनुसार, नए CEC की नियुक्ति के लिए गठित समिति की बैठक संभवत: को बैठक बुलाई जा सकती है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के शामिल होने की उम्मीद है।
यह बैठक CEC और चुनाव आयुक्तों के चयन को नियंत्रित करने वाले नए कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिकाओं पर होने वाली सुनवाई से एक दिन पहले होगी।
कानून
क्या है CEC की नियुक्ति से संबंधित नया कानून?
केंद्र सरकार की ओर से साल 2023 में पेश किया गया कानून केंद्र को CEC और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में प्रमुख भूमिका देता है।
कानून के अनुसार, CEC और अन्य दो चुनाव आयुक्तों का चयन एक चयन समिति द्वारा किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री द्वारा नामित एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे।
उससे पहले इस समिति में केंद्रीय मंत्री की जगह मुख्य न्यायाधीश शामिल थे।
कार्यकाल
कैसा रहा है राजीव कुमार का कार्यकाल?
CEC राजीव कुमार ने मई 2022 में यह पद संभाला था। उसके बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 और जम्मू-कश्मीर में एक दशक से अधिक समय में हुए पहले विधानसभा चुनावों की देखरेख की है।
उन्होंने 2022 में राष्ट्रपति चुनाव कराए और 2023 में कर्नाटक और तेलंगाना चुनावों की देखरेख की, जिसमें कांग्रेस ने जीत हासिल की।
इसी तरह, उन्होंने मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र और दिल्ली के विधानसभा चुनाव भी कराए हैं। दिल्ली चुनाव उनका आखिरी चुनाव रहा है।