Page Loader
कोरोना वायरस: देश में 2.5 लाख से अधिक संक्रमित, पिछले 24 घंटे में 9,983 नए मामले

कोरोना वायरस: देश में 2.5 लाख से अधिक संक्रमित, पिछले 24 घंटे में 9,983 नए मामले

Jun 08, 2020
10:17 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 9,983 नए मामले सामने आए और इसी के साथ कुल मामलों की संख्या 2,56,611 हो गई है। ये अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 206 मरीजों ने दम तोड़ा और मरने वाले मरीजों की संख्या 7,135 हो गई है। सक्रिय मामलों की संख्या 1,25,381 है।

डाटा

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 4,802 मरीज

अगर ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 4,802 मरीज ठीक हुए और अब तक कुल 1,24,095 मरीज ठीक हो चुके हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कुल मामलों की 48.35 प्रतिशत है।

वृद्धि

पांच दिन में दो लाख से 2.5 लाख हुए मामले

भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या दो लाख से 2.5 लाख होने में पांच दिन लगे हैं। 3 जून को संक्रमितों की संख्या दो लाख से अधिक हुई थी। इससे पहले 50,000 से एक लाख मामले होने में 12 दिन और एक लाख से दो लाख होने में 15 दिन लगे थे। बड़ी संख्या में नए मामलों के बावजूद मामले दोगुने होने की रफ्तार लगातार घट रही है और वायरस की ट्रांसमिशन रेट भी घटकर 1.22 हो गई है।

राज्यों की स्थिति

कुछ ऐसी है राज्यों की स्थिति

महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 85,975 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है और 3,060 लोगों की मौत हुई है। संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र चीन से आगे निकल गया है। दूसरा सबसे अधिक प्रभावित राज्य तमिलनाड में अब तक 31,667 मामले सामने आए हैं और 269 मरीजों की मौत हुई है। दिल्ली में 812 मौत समेत 27,654 मामले और गुजरात में 1,249 मौत समेत 20,070 मामले सामने आए हैं।

दुनिया में स्थिति

पांचवां सबसे अधिक प्रभावित देश है भारत

पूरी दुनिया में भारत की स्थिति की बात करें तो कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत पांचवां सबसे अधिक प्रभावित देश बना हुआ है। अमेरिका सबसे अधिक प्रभावित देश है और यहां अब तक 19.41 लाख लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है। ब्राजील (6.91 लाख), रूस (4.67 लाख) और यूनाइटेड किंगडम (2.87 लाख) अन्य वो तीन देश हैं जो भारत से आगे हैं। मौतों के मामले में भारत का स्थान 12वां है।

बयान

देश में मामलों का पीक आना अभी बाकी- AIIMS निदेशक

इस बीच अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि बढ़ते संक्रमण से जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और देश में मामलों को पीक (उच्चतम स्तर) पर पहुंचने में समय लगेगा। उन्होंने ये भी कहा कि लॉकडाउन सफल था, लेकिन इससे कोरोना वायरस के मामलों को कम करने में पर्याप्त मदद नहीं मिली। बता दें कि इससे पहले भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने भी पीक दूर होने की बात कही थी।

पहला चरण

आज से शुरू हुआ 'अनलॉक 1' का पहला चरण

बता दें कि आज से लॉकडाउन से बाहर निकलने के लिए बनाई गई 'अनलॉक 1' योजना का पहला चरण शुरू हो रहा है। इसके तहत शॉपिंग मॉल्स, रेस्टोरेंट्स और धार्मिक स्थलों को कुछ शर्तों के साथ खोला जा सकेगा। कई राज्यों ने केंद्र सरकार के कदमों पर चलते हुए इन सार्वजनिक स्थलों को खोल दिया है, वहीं कुछ शहरों में अभी भी इनके खुलने पर पाबंदियां जारी रहेंगी। इसके अलावा कई राज्यों ने अंतरराज्यीय परिवहन भी शुरू कर दिया है।