Page Loader
...जब लता मंगेशकर को हुई जान से मारने की कोशिश, जानिए उनसे जुड़े अनसुने किस्से
लता मंगेशकर से जुड़ीं अनसुनी बातें

...जब लता मंगेशकर को हुई जान से मारने की कोशिश, जानिए उनसे जुड़े अनसुने किस्से

Feb 06, 2024
11:14 am

क्या है खबर?

स्वर कोकिला लता मंगेशकर की आज यानी 6 फरवरी को दूसरी पुण्यतिथि है। लता 'ताई' भले ही इस दुनिया में न हाें, लेकिन उनकी आवाज और खूबसूरत गाने हमेशा लोगों के जहन में जिंदा रहेंगे। 6 फरवरी, 2022 को आज ही के दिन 92 साल की उम्र में उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली थी। लता ने हर गाने पर लोग अपना दिल हार जाते थे। आइए उनसे जुड़ीं कुछ खास बातें जानें।

हतीजह

जान लीजिए असली नाम

लता का पहले या कहें असली नाम हेमा था। बाद में उनके पिता ने अपने नाटक 'भाव बंधन' की लीड फीमेल कैरेक्टर लतिका से प्रभावित होकर उनका नाम लता रख दिया। लता दीदी के पिता का नाम दीनानाथ अभिषेकी था, लेकिन वह चाहते थे कि उनकी आगे की पीढ़ी का नाम बिल्कुल अलग हो। उनके पुरखों के गांव का नाम मंगेशी था और कुलदेवता का नाम मंगेश। इस तरह उन्होंने अपना सरनेम मंगेशकर कर लिया।

इनकार

फिल्मफेयर लेने से किया इनकार

ऐसा कोई सम्मान नहीं था, जो लता को नहीं मिला। उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से लेकर, पद्म भूषण, पद्म विभूषण राष्ट्रीय पुरस्कार, फिल्मफेयर और भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उन्हें 'मधुमति' के गाने 'आजा रे परदेसी' के लिए अपने करियर का पहला फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था, जिसे लेने से लता ने इनकार कर दिया था। वजह बताई थी कि महिला आकार की ट्रॉफी पर कोई कपड़े नहीं हैं। फिर यह पुरस्कार उन्हें ढंक कर दिया गया था।

साजिश

...जब लता को हुई जान से मारने की कोशिश

33 की उम्र में लता स्वर कोकिला बन चुकी थीं। किसी को उनकी तरक्की से इतनी जलन थी कि उन्हें जहर देकर मारने की कोशिश की गई। यह उनकी जिंदगी का सबसे कठिन और भयानक दौर था। इस वजह से उन्हें 3 महीने तक बिस्तर पर रहना पड़ा। शरीर इस कदर कमजोर हो गया था कि वो बिस्तर से उठ भी नहीं पाती थीं, चलना तो दूर की बात थी। इस कठिन समय में कवि मजरूह सुल्तानपुरी उनका सहारा बने।

जानकारी

जहर देने वाले का चल गया था पता

जब लता से पूछा गया कि कभी इस बात का पता चला कि उन्हें जहर किसने दिया था तो उन्होंने कहा, "जी हां, मुझे पता चल गया था, लेकिन हमने कोई एक्शन नहीं लिया, क्योंकि हमारे पास उस इंसान के खिलाफ कोई सबूत नहीं था।"

रिकॉर्ड

विदेश में परफॉर्म करने वाली पहली भारतीय महिला सिंगर 

लता पहली भारतीय महिला सिंगर थीं, जिन्होंने विदेशों में शो करने का सिलसिला शुरू किया था। उन्होंने पहला शो लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में 1974 में दिया था। लता ने 1949 में आई हॉरर फिल्म 'महल' के गाने 'आएगा आनेवाला' को अपनी आवाज दी थी। इस गाने ने उस वक्त सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। यह इतनी बड़ी सफलता थी कि इसने निर्माताओं को अहसास कराया था कि संगीत से भी काफी कमाई की जा सकती है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

लता के पिता दीनानाथ मंगेशकर ज्योतिषी भी थे। उन्होंने पहले ही कह दिया था कि वो कभी शादी नहीं करेंगी और हुआ भी कुछ ऐसा ही। वैसे कहा जाता है कि लता किसी से प्यार करती थीं, लेकिन उनकी प्रेम कहानी पूरी नहीं हो पाई।