किरण राव पर भड़के संदीप रेड्डी, बोले- पहले आमिर खान से पूछो 'दिल' में क्या किया
क्या है खबर?
जब से फिल्म 'एनिमल' रिलीज हुई है, यह लगातार चर्चा में है और इसी के साथ फिल्म के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा भी खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। संदीप और उनकी फिल्मों पर महिला विराेधी होने के आरोप लगते रहे हैं।
आमिर खान की पूर्व पत्नी किरण राव ने भी पिछले साल उनकी फिल्म 'कबीर सिंह' पर निशाना साधा था, जिस पर संदीप ने प्रतिक्रिया दे दी है।
उन्होंने किरण को आमिर की फिल्म 'दिल' की याद दिला दी है।
प्रतिक्रिया
बिना नाम लिए संदीप ने दिया जवाब
संदीप ने दैनिक भास्कर से कहा, "कुछ लोग समझ नहीं पाते कि वे क्या कह रहे हैं। एक सहायक निर्देशक ने मुझे इस सुपरस्टार की दूसरी पूर्व पत्नी का लेख दिखाया। वह कह रही थीं कि बाहुबली और 'कबीर सिंह' जैसी फिल्में लड़कियों का पीछा करने की भावना को बढ़ावा देती हैं। मुझे लगता है कि वह पीछा करने और पास आने के बीच के बीच फर्क नहीं समझती हैं।"
हालांकि, संदीप ने किरण का नाम नहीं लिया।
दो टूक
"पहले आमिर से पूछो, फिर वापस आना"
संदीप ने आगे कहा, "मैं उस महिला से कहना चाहता हूं कि जाकर आमिर से 'खंबे जैसी खड़ी है' गाने के बारे में पूछो, वह क्या था? फिर मेरे पास वापस आओ। अगर आपको दिल याद हो, तो आमिर उसमें लगभग रेप करने की कोशिश करते हैं और उसके बाद उन्हें प्यार हो जाता है।"
उन्होंने कहा, "वो सब क्या था? समझ नहीं आता कि वे आसपास की जानकारी जुटाए बिना ही इस तरह का हमला क्यों करते हैं।"
बयान
जानिए क्या बोली थीं किरण
किरण ने कहा, "फिल्मों में लड़कियों का पीछा करने का खूब महिमामंडन किया जाता है।"
उन्होंने इसके लिए फिल्म 'कबीर सिंह' का उदाहरण दिया था। किरण ने 'बाहुबली' का भी उदाहरण देते हुए कहा, "बाहुबली एक रोचक दृश्य के साथ शुरु होती है, जिसमें एक महिला योद्धा एक्शन कर रही है, लेकिन हीरो उसे रोमांस का एक साधन मात्र बना देता है।"
उन्होंने ऐसी फिल्मों को मिलने वाली सफलता पर भी सवाल उठाए थे।
सफलता
'कबीर सिंह' और 'दिल' दोनों ही फिल्में रहीं सफल
2019 में आई 'कबीर सिंह' की खूब आलोचना हुई थी। हालांकि, इसने शानदार कमाई की थी। उनकी इस फिल्म को भी महिला विरोधी बताया गया था।
फिल्म में शाहिद कपूर नजर आए थे और 'कबीर सिंह' उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई थी।
उधर 1990 में आई 'दिल' भी हिट रही थी। इसमें माधुरी दीक्षित का किरदार आमिर के किरदार पर रेप करने का आरोप लगाता है। उसी सीन पर संदीप ने किरण को आड़े हाथ लिया है।